देश की खबरें | विधान भवन के बाहर प्रदर्शन कर रहे जितेंद्र आव्हाड को पुलिस ने बलपूर्वक हटाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अपने एक समर्थक को हिरासत में लिए जाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक जितेंद्र आव्हाड को बृहस्पतिवार देर रात पुलिस ने प्रदर्शनस्थल से बलपूवर्क हटाया।
मुंबई, 18 जुलाई अपने एक समर्थक को हिरासत में लिए जाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक जितेंद्र आव्हाड को बृहस्पतिवार देर रात पुलिस ने प्रदर्शनस्थल से बलपूवर्क हटाया।
आव्हाड के समर्थक पर एक दिन पहले विधान भवन में भाजपा विधायक गोपीचंद पडलकर के समर्थकों ने कथित रूप से हमला किया था।
विधानसभा में मुखर तरीके से अपनी बात रखने वाले आव्हाड ने पुलिस द्वारा उनके समर्थक नितिन देशमुख को ले जाने के बाद देर रात करीब दो बजे विधान भवन परिसर के पिछले गेट के पास प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।
विधायक ने पुलिस के वाहन को रोककर देशमुख की रिहाई की मांग की तथा अधिकारियों पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया।
देशमुख ने कहा, “यह कुछ नहीं बल्कि खुला पक्षपात है। मेरा समर्थक, जिसे पीटा गया, उसे गिरफ्तार किया जा रहा है, जबकि पडलकर के पांच लोग जिन्होंने उसे पीटा, उन्हें पुलिस द्वारा सुरक्षा दी जा रही है।”
आव्हाड ने आरोप लगाया, “बृहस्पतिवार को हुई हाथापाई के बाद, पुलिस ने दोनों पक्षों के समर्थकों को हिरासत में लिया। विधानसभा अध्यक्ष ने मुझे बताया था कि जैसे ही सदन की कार्यवाही समाप्त होगी, वह पुलिस को मेरे समर्थकों को रिहा करने का निर्देश देंगे, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। वहीं, पडलकर के समर्थकों को पुलिस द्वारा वड़ा पाव और तंबाकू भी दिया जा रहा है।”
देशमुख और पडलकर के सहयोगी ऋषिकेश टाकले के बीच बृह्स्पतिवार को विधान भवन में कथित तौर पर झगड़ा हो गया।
देर रात विधानमंडल के बाहर स्थिति बिगड़ी गई और आव्हाड तथा उनके समर्थकों ने देशमुख को हिरासत में लेने से रोकने की कोशिश की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस ने आव्हाड को पुलिस वाहन से अलग करने के लिए बल प्रयोग किया और उन्हें सड़क से खींचकर ले जाया गया।
इसके बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया।
रात की इस घटना में एक नया मोड़ तब आया जब पुलिस ने कथित तौर पर देशमुख को दूसरी गाड़ी से ले जाने की कोशिश की, लेकिन आव्हाड ने इस कदम को भांप लिया और अधिकारियों के सामने आ गए।
आधी रात के बाद मौके पर राकांपा (एसपी) के विधायक रोहित पवार भी मौजूद थे।
बृहस्पतिवार को विधान भवन में पडलकर और आव्हाड के समर्थकों के बीच धक्कामुक्की हो गई थी।
दोनों समूहों के एक-दूसरे पर हमला करने और सुरक्षाकर्मियों द्वारा उन्हें पीछे खींचने के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 18, 2025 09:48 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

