देश की खबरें | जींद : फर्जी नियुक्ति पत्र देकर 24 लाख रुपये की ठगी करने का आरोपी गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जींद जिले के नरवाना शहर स्थित सदर थाना पुलिस ने सरकारी नौकरी दिलवाने के नाम पर कथित तौर पर 24 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

जींद (हरियाणा), 13 जनवरी जींद जिले के नरवाना शहर स्थित सदर थाना पुलिस ने सरकारी नौकरी दिलवाने के नाम पर कथित तौर पर 24 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव दनौदा कलां निवासी साहिल ने गत 28 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि वर्ष 2019 में उसने हरियाणा में ग्रुप डी नौकरी के लिए परीक्षा थी लेकिन उसका चयन नहीं हुआ। वहीं अप्रैल 2020 में उसकी मुलाकात गांव रत्ताखेड़ा टोहाना निवासी तरसेम के जरिये गांव नेपेवाला निवासी रणधीर, कैथल निवासी टिंकू तथा नवीन से हुई, जिन्होंने हरियाणा सरकार में ग्रुप डी की नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया।

उन्होंने बताया कि शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने इसके एवज में सात लाख रुपये की मांग की। प्रवक्ता ने बताया कि बाद में साहिल ने अपने दो दोस्तों की भी नौकरी लगवाने की बात की जिसपर आरोपियों ने 21 लाख रुपये मांगे।

पुलिस ने बताया कि शिकायत के मुताबिक पीड़ितों ने आरोपियों को 11 जून 2020 को 21 लाख रुपये का भुगतान किया जिसके एवज में उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र दिया गया।

तहरीर के मुताबिक फर्जी नियुक्त पत्र का भेद खुलने पर आरोपियों ने रेलवे में नौकरी दिलवाने का भरोसा दिया और उझाना निवासी अभिषेक, उसके पिता ईश्वर तथा उसकी मां से मिलवाया, जिन्होंने तीनों को रेलवे में भर्ती करवाने के नाम पर 18 लाख की मांग की। शिकायत के मुताबिक तीनों ने आरोपियों को और तीन लाख रुपये दिए, लेकिन उन्हें नौकरी नहीं मिली।

साहिल का आरोप है कि आरोपियों ने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया। पुलिस ने बताया कि साहिल की तहरीर पर सदर थाना में रणधीर, टिंकू, नवीन, अभिषेक, अंकुश, ईश्वर तथा अभिषेक की मां के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। उन्होंने बताया कि मामले में आरोपी रणधीर को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\