देश की खबरें | दिल्ली हवाई अड्डे पर झारखंड का कुख्यात अपराधी गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड पुलिस ने हत्या के दो मामले में वांछित एक कुख्यात अपराधी को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
जमशेदपुर, 24 जून झारखंड पुलिस ने हत्या के दो मामले में वांछित एक कुख्यात अपराधी को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पाण्डेय ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी की पहचान निशार हसन उर्फ निशार हुसैन उर्फ निशु के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 'लुकआउट नोटिस' जारी किया था। उसे बहरीन से लौटने पर हवाई अड्डा अधिकारियों की मदद से जमशेदपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी ने बताया कि बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के साउथ पार्क निवासी निशार, पवन यादव की हत्या का मुख्य आरोपी था, जिसकी करीब दो साल पहले साकची थाना क्षेत्र के स्वर्णरेखा नदी के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में नौ अन्य लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। साथ ही अपराध में इस्तेमाल आग्नेयास्त्रों को भी बरामद किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, फरार रहने के दौरान निशार ने कई अन्य अपराध भी किए। इनमें वर्ष 2023 में मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड पर राजा सिंह की हत्या और बोडम थाना क्षेत्र स्थित डिमना झील के पास आपसी रंजिश को लेकर आशुतोष ओझा उर्फ अंशु की हत्या का प्रयास शामिल है।
एसएसपी ने बताया कि निशार जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों से रंगदारी भी वसूल रहा था और वर्ष 2023 में दुमका जिले में मारे गए कुख्यात अपराधी अमरनाथ सिंह के गिरोह को दोबारा सक्रिय करने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण निशार देश छोड़कर बहरीन भाग गया था।
एसएसपी के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस की सिफारिश पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उसके खिलाफ 'लुकआउट नोटिस' जारी किया था।
नोटिस जारी होने के बाद निशार को कुछ दिन पहले भारत लौटना पड़ा, जिसके बाद उसे दिल्ली हवाई अड्डे पर रोका गया और गिरफ्तार कर लिया गया। उसे 'ट्रांजिट रिमांड' पर वापस जमशेदपुर लाया गया।
एसएसपी ने बताया कि झारखंड सरकार ने निशार की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), शस्त्र अधिनियम, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत सात आपराधिक मामले दर्ज हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 24, 2025 04:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

