देश की खबरें | झारखंड: रांची समेत पांच जिलों में शुक्रवार को बंद रहेंगे स्कूल, आईएमडी ने भारी बारिश का जताया अनुमान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा भारी बारिश का अनुमान जताये जाने के बाद झारखंड में रांची समेत पांच जिलों में शुक्रवार को स्कूल बंद रहेंगे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
रांची, 19 जून भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा भारी बारिश का अनुमान जताये जाने के बाद झारखंड में रांची समेत पांच जिलों में शुक्रवार को स्कूल बंद रहेंगे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
रांची, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में सभी स्कूल शुक्रवार को बंद रहेंगे जबकि पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में आठवीं कक्षा तक की कक्षाएं स्थगित रहेंगी।
बुधवार से लगातार हो रही बारिश के कारण रांची और खूंटी में बृहस्पतिवार को स्कूल बंद रहे।
आईएमडी ने बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे से शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक रांची के लिए ‘रेड’ अलर्ट (भारी से बेहद भारी बारिश) जारी किया है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को भारी बारिश के पूर्वानुमान के कारण रांची जिला प्रशासन ने एक दिन और अवकाश बढ़ाने का फैसला किया है।
अधिसूचना के मुताबिक, “भारी बारिश की संभावना और विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने जिले में केजी से 12वीं कक्षा तक के सभी श्रेणी के विद्यालयों को 20 जून को बंद रखने का आदेश जारी किया है।”
अधिसूचना में बताया गया, इस आदेश का पालन न करने की स्थिति में संबंधित स्कूल को आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की संबंधित धाराओं के तहत जवाबदेह ठहराया जाएगा।
खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में शुक्रवार को 12वीं कक्षा तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे।
पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां प्रशासन ने भारी बारिश के मद्देनजर सभी विद्यालयों को शुक्रवार को आठवीं तक की कक्षाएं स्थगित करने का आदेश दिया।
रांची में बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे से बृहस्पतिवार सुबह साढ़े पांच बजे तक 216.1 मिमी बारिश दर्ज की गई।
अधिकारियों ने बताया कि झारखंड में भारी बारिश के कारण तीन स्थानों पर दो स्कूली बच्चों और 10 वर्षीय एक लड़की सहित चार लोगों की मौत हो गई, साथ ही कई जिलों में बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को झारखंड पहुंचे दक्षिण-पश्चिम मानसून से व्यापक बारिश हुई, जिसके 20 जून तक पूरे राज्य में जारी रहने की संभावना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 19, 2025 09:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

