देश की खबरें | झारखंड चुनाव: भाजपा के सत्येंद्र नाथ तिवारी, कमलेश सिंह ने नामांकन दाखिल किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सत्येंद्र नाथ तिवारी ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे की मौजूदगी में झारखंड की गढ़वा विधानसभा सीट के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
रांची, 23 अक्टूबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सत्येंद्र नाथ तिवारी ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे की मौजूदगी में झारखंड की गढ़वा विधानसभा सीट के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
तिवारी का मुकाबला झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के उम्मीदवार और राज्य के मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर से होगा। वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में ठाकुर ने तिवारी को 23,522 मतों से हराया था।
तिवारी ने नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं इस सीट पर बड़े अंतर से जीतूंगा, क्योंकि इस बार मेरे लिए इस सीट पर कोई चुनौती नहीं है।’’
उन्होंने दावा किया कि झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री ठाकुर ने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के लिए कुछ नहीं किया। तिवारी ने कहा कि ठाकुर के खिलाफ भ्रष्टाचार के कई आरोप हैं। दुबे ने दावा किया कि भाजपा झारखंड में हरियाणा जैसी जीत दर्ज करेगी और पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
हाल में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) से भाजपा में शामिल हुए कमलेश सिंह ने पलामू जिले की हुसैनाबाद विधानसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
सिंह ने कहा, ‘‘मुझे भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने का मौका दिए जाने पर गर्व है। मैं इस बार 25,000 से भी ज्यादा मतों के अंतर से सीट पर जीत हासिल करूंगा।’’
सिंह ने 2019 के विधानसभा चुनाव में राकांपा के टिकट पर इस सीट से राजद के संजय कुमार सिंह यादव को 9,849 मतों से हराया था।
झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को होगा तथा मतगणना 23 नवंबर को होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 23, 2024 03:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

