देश की खबरें | झारखंड: कांग्रेस नेता ने पार्टी के जिला अध्यक्ष के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने पार्टी की धनबाद इकाई के अध्यक्ष संतोष सिंह के खिलाफ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है।
धनबाद (झारखंड), 20 अगस्त कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने पार्टी की धनबाद इकाई के अध्यक्ष संतोष सिंह के खिलाफ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है।
कांग्रेस नेता सुरेशचंद्र झा ने राजधानी रांची से लगभग 200 किलोमीटर दूर चिरकुंडा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि सिंह ने उन्हें शनिवार रात आठ बजकर 35 मिनट पर फोन किया और मांग की कि सोमवार से रांची स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर प्रस्तावित अपनी भूख हड़ताल रद्द कर दें।
चिरकुंडा थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि उन्हें झा की शिकायत मिली है। उन्होंने कहा, ‘‘मामले की जांच की जा रही है।’’
झा ने दावा किया, ‘‘जिला अध्यक्ष ने मेरे साथ दुर्व्यवहार किया और अपना आंदोलन वापस नहीं लेने पर गंभीर नतीजा भुगतने की धमकी दी। उन्होंने यह भी चुनौती दी कि मैं रांची नहीं पहुंच पाऊंगा।’’
संतोष सिंह ने हालांकि आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोगों के बहकावे में आकर झा ऐसा कर रहे हैं।’’
झा ने लुबी सर्कुलर रोड स्थित धनबाद पार्टी कार्यालय को फिर से खोलने के लिए राज्य कांग्रेस मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करने की घोषणा की थी। यह कार्यालय अप्रैल 2011 से बंद है।
झा ने आरोप लगाया कि राज्य के नेता 1954 में बने कार्यालय को खोलने में रुचि नहीं ले रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 20, 2023 06:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

