एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | झारखंड: मुख्यमंत्री सोरेन ने जेएमएमएसवाई की दूसरी किस्त जारी की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को झारखंड मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना’ (जेएमएमएसवाई) की 322.50 करोड़ रुपये से अधिक की दूसरी किस्त जारी की।

देश की खबरें | झारखंड: मुख्यमंत्री सोरेन ने जेएमएमएसवाई की दूसरी किस्त जारी की

बोकारो, 13 सितंबर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को झारखंड मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना’ (जेएमएमएसवाई) की 322.50 करोड़ रुपये से अधिक की दूसरी किस्त जारी की।

इस योजना के तहत महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने 1,000 रुपये जमा किए जाते हैं।

जेएमएमएसवाई की दूसरी किश्त बोकारो जिले के ललपनिया में एक सरकारी समारोह में जारी की गई।

सोरेन ने इस कार्यक्रम में बोकारो और रामगढ़ जिलों के लिए 752.93 करोड़ रुपये की 834 परियोजनाओं की भी घोषणा की।

सोरेन ने कहा, "हमने जेएमएमएसवाई की पहली किस्त पहले ही जारी कर दी है। दूसरी किस्त जारी करने का काम आज करम महोत्सव की पूर्व संध्या पर शुरू किया गया है, ताकि महिलाएं जश्न मना सकें।"

इस योजना का लाभ 18 से 49 वर्ष की महिलाओं को मिलता है।

विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला करते हुए सोरेन ने दावा किया कि 2019 में सत्ता में आने के बाद से ही वह (भाजपा) उनकी सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया, "जब वे असफल (सरकार गिराने में) रहे तो उन्होंने झूठे आरोप लगाकर मुझे जेल में डाल दिया।"

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन के विधायकों और सांसदों को अपने पाले में करने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा, "वे विधायकों और सांसदों को उसी तरह खरीदते हैं जैसे कोई बाजार से सब्जियां खरीदता है।" उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पास गरीबों के लिए पैसा नहीं है।

सोरेन ने आरोप लगाया कि राज्य में चुनाव नजदीक आने पर भाजपा नेता गांवों का दौरा करेंगे और सांप्रदायिक कार्ड खेलेंगे।

उन्होंने कहा, "लेकिन लोगों को चिंता करने की जरुरत नहीं है। हमारा गठबंधन मजबूत है और हम उन्हें इस तरह हराएंगे कि वे झारखंड में वापस नहीं आएंगे।"

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि वह सत्ता में वापस आए तो और अधिक कल्याणकारी योजनाएं बनाई जाएंगी।

उन्होंने कहा, "मैं वादा करता हूं कि अगले पांच वर्षों में प्रत्येक गरीब परिवार को कम से कम एक लाख रुपये उपलब्ध कराऊंगा।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 13, 2024 09:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).