हृदयाघात के बाद झारखंड भाजपा अध्यक्ष रिम्स में भर्ती, स्थिति में सुधार
जमात

रांची, सात मई भाजपा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश को बृहस्पतिवार को दिल का दौरा पड़ने के बाद यहां राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान :रिम्सः के हृदय रोग विभाग में भर्ती कराया गया जहां सफल एंजियोप्लास्टी कर उन्हें एक स्टेंट लगाया गया और अब वह स्वस्थ हैं।

रिम्स में कार्डियक सर्जरी विभाग के अध्यक्ष डॉ. अंशुल कुमार ने बताया दीपक प्रकाश की स्थित में तेजी से सुधार हुआ है। उन्हें अस्पताल के सीसीयू वार्ड में रखा गया है।

उन्होंने बताया कि दीपक प्रकाश अब बिलकुल स्वस्थ हैं और उनके स्वास्थ्य की देखभाल कम से कम 48 घंटे तक करने के बाद शनिवार या सोमवार को अस्पताल से छुट्टी दिए जाने की संभावना है।

प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता शिवपूजन पाठक ने यहां जारी बयान में कहा, ‘‘ लॉकडाउन के बीच वार्ड के अन्य मरीजों को कोई असुविधा न हो इसके मद्देनजर भाजपा ने पार्टी कार्यकर्ताओं, शुभेच्छुओं से रिम्स न पहुंचने का अनुरोध किया है।’’

उन्होंने बताया कि सूचना पाते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और पेयजल स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने रिम्स पहुँचकर प्रकाश का हाल चाल जाना।

मुख्यमंत्री ने बाद में पत्रकारों को बताया कि अब दीपक प्रकाश स्वस्थ हैं।

इस बीच, भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी और पूर्व महासचिव बालमुकुंद सहाय ने भी अस्पताल पहुंचकर दीपक प्रकाश का हालचाल जाना।

रिम्स के निदेशक डा. डीके सिंह ने बताया कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बृहस्पतिवार को उनसे फोन कर दीपक प्रकाश के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी हासिल की।

दीपक प्रकाश को भाजपा ने मार्च के अंत में होने वाले राज्यसभा चुनाव में पार्टी का उम्मीदवार भी बनाया था। कोरोना संक्रमण के चलते राज्यसभा चुनाव स्थगित हो गया था।

इन्दु

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)