देश की खबरें | झारखंड विधानसभा अध्यक्ष ने बजट सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने शुक्रवार से शुरू होने वाले बजट सत्र के दौरान सदन के सुचारू कामकाज की रणनीति पर चर्चा करने के लिए बृहस्पतिवार को एक सर्वदलीय बैठक की।
रांची, 22 फरवरी झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने शुक्रवार से शुरू होने वाले बजट सत्र के दौरान सदन के सुचारू कामकाज की रणनीति पर चर्चा करने के लिए बृहस्पतिवार को एक सर्वदलीय बैठक की।
चंपई सोरेन की सरकार 27 फरवरी को पहली बार अपना बजट पेश करेगी। यह सत्र सात दिन तक चलेगा और 2 मार्च को इसका समापन होगा।
मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, विपक्ष के नेता अमर बाउरी और अन्य दलों के वरिष्ठ नेताओं ने इस बैठक में भाग लिया।
विधानसभा अध्यक्ष ने संवाददाताओं से कहा, ''झारखंड विधानसभा का बजट सत्र शुकवार से शुरू हो रहा है। इसलिए राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ एक औपचारिक बैठक हुई और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।''
निर्दलीय विधायक सरयू राय और बाउरी ने विधानसभा अध्यक्ष से सत्र के दिनों की संख्या बढ़ाने की मांग की।
बाउरी ने संवाददाताओं से कहा, “यह चंपई सोरेन सरकार का पहला बजट है। यह नए मुख्यमंत्री के लिए राज्य की जनता के सामने अपनी दूरदर्शिता, दिशा और नीतियों को पेश करने का अवसर है, इसलिए हमने अध्यक्ष से सत्र के दिनों को बढ़ाने का अनुरोध किया है।''
रॉय ने कहा, ‘‘बजट सत्र के दौरान हर विभाग की मांगों पर चर्चा होनी चाहिए। पहले 25-26 दिन का बजट सत्र होता था। बाद में, इसे घटाकर 17-18 दिन कर दिया गया तथा अब इसमें और कटौती कर दी गई है, जो ठीक नहीं है।''
हालांकि, मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों के कारण बजट सत्र छोटा रखा गया है।
उन्होंने कहा, ''सत्र सार्थक होगा और बजट राज्य के हित में होगा।'' उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ गठबंधन सरकार सदन में विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है।
हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और इसके तुरंत बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 31 जनवरी को उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। उनके स्थान पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता चंपई सोरेन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
चंपई सोरेन ने 81 सदस्यीय विधानसभा में 47 विधायकों का समर्थन हासिल कर विश्वासमत हासिल किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 22, 2024 06:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

