देश की खबरें | झारखंड विधानसभा चुनाव: पहले चरण में 43 सीट के लिए मतदान जारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड में विधानसभा की 43 सीट के लिए बुधवार को मतदान शुरू हो गया जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन सहित कुल 683 उम्मीदवार अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं।
रांची, 13 नवंबर झारखंड में विधानसभा की 43 सीट के लिए बुधवार को मतदान शुरू हो गया जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन सहित कुल 683 उम्मीदवार अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं।
इन निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ और यह शाम पांच बजे तक जारी रहेगा।
एक अधिकारी ने बताया कि 950 मतदान केंद्रों पर मतदान शाम चार बजे समाप्त हो जाएगा, लेकिन उस समय तक कतार में खड़े लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाला गठबंधन मैय्या सम्मान योजना सहित अपनी कल्याणकारी योजनाओं के दम पर सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रहा है, वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने घुसपैठ और मौजूदा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे को जोर-शोर से उठाया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा सहित भाजपा के शीर्ष नेताओं ने राज्य में कई रैलियां की वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन समेत ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बल पर लोगों से उनके उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
इस चरण में कुल 1.37 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)