देश की खबरें | झारखंड विधानसभा चुनाव: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मरांडी और झामुमो नेता बेबी देवी ने नामांकन किए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश की मंत्री तथा झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेता बेबी देवी एवं कई अन्य उम्मीदवारों ने सोमवार को विधानसभा चुनाव के लिए अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र से नामांकन पत्र दाखिल किये।
रांची, 28 अक्टूबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश की मंत्री तथा झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेता बेबी देवी एवं कई अन्य उम्मीदवारों ने सोमवार को विधानसभा चुनाव के लिए अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र से नामांकन पत्र दाखिल किये।
मरांडी ने धनवार विधानसभा सीट से, जबकि देवी ने डुमरी विधानसभा सीट से अपना पर्चा दाखिल किया। धनवार और डुमरी उन 38 विधानसभा क्षेत्रों में से हैं, जहां 20 नवंबर को दूसरे चरण में मतदान होगा।
दूसरे चरण के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 22 अक्टूबर को शुरू हुई और मंगलवार को समाप्त होगी।
मरांडी ने कहा, "मैंने झारखंड में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और घुसपैठ को खत्म करने एवं रोटी, माटी, बेटी बचाने की शपथ के साथ आज भाजपा उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया।"
मरांडी ने 2019 के विधानसभा चुनाव में झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) के उम्मीदवार के रूप में भाजपा के लक्ष्मण प्रसाद सिंह को 17,550 मतों के अंतर से हराकर धनवार सीट जीती थी लेकिन बाद में वह भाजपा में शामिल हो गये।
देवी ने पिछले साल अप्रैल में अपने पति और झामुमो नेता जगरनाथ महतो के निधन के बाद उपचुनाव में डुमरी सीट जीती थी।
रामगढ़ की पूर्व विधायक ममता देवी ने कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में रामगढ़ से अपना नामांकन दाखिल किया।
ममता देवी को 2016 के गोला पुलिस गोलीबारी मामले में दोषी ठहराए जाने के सदन से अपनी सदस्यता खोनी पड़ी थी।
झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा हाल ही में उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगाए जाने के बाद वह चुनाव लड़ने के लिए पात्र हो गयीं।
रामगढ़ के निवर्तमान विधायक और गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी की पत्नी ने झारखंड में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सहयोगी ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी के उम्मीदवार के रूप में रामगढ़ निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
दूसरे चरण के लिए नामांकन दाखिल करने वाले अन्य नेताओं में झामुमो के उम्मीदवार हफीजुल हसन, हेमलाल मुर्मू, कांग्रेस के प्रदीप यादव, भाजपा के उम्मीदवार सुनील सोरेन, परितोष सोरेन, सुरेश मुर्मू, निर्भय कुमार शाहाबादी और नारायण दास शामिल हैं।
राज्य में 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को चुनाव होंगे और मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।
पहले चरण के तहत 13 नवंबर को 43 विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले मतदान के लिए नामांकन प्रक्रिया 25 अक्टूबर को समाप्त हुई और इस दौरान 805 उम्मीदवारों ने अपने पर्चे दाखिल किए।
जमशेदपुर पूर्व और पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक 32-32 उम्मीदवार हैं, जबकि सिमरिया और खूंटी में सबसे कम 11-11 उम्मीदवार हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 28, 2024 09:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

