देश की खबरें | जदयू नेता ने शराब परोसे जाने संबंधी टिप्पणी पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को कानूनी नोटिस भेजा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बिहार में सत्ताधारी जदयू ने अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह द्वारा आयोजित भोज में राज्य में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद शराब परोसे जाने के आरोप को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी को बुधवार को कानूनी नोटिस भेजा है।

पटना, 17 मई बिहार में सत्ताधारी जदयू ने अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह द्वारा आयोजित भोज में राज्य में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद शराब परोसे जाने के आरोप को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी को बुधवार को कानूनी नोटिस भेजा है।

गौरतलब है कि चौधरी ने आरोप लगाया था कि ललन द्वारा रविवार को अपने लोकसभा क्षेत्र मुंगेर में आयोजित किए गए एक भोज में शामिल लोगों को ‘मांस भात’ (पके हुए चावल और बकरे का गोश्त) साथ शराब भी परोसा गया था।

जदयू के मुंगेर जिलाध्यक्ष नचिकेता मंडल ने अपने वकील के माध्यम से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी को कानून नोटिस भिजवाया है। नोटिस में सम्राट चौधरी पर झूठी बयानबाजी करने का आरोप लगाया गया है।

नोटिस में चौधरी पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने फर्जी साक्ष्यों के आधार पर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह द्वारा आयोजित एक भोज कार्यक्रम को लेकर आरोप लगाए।

नोटिस में कहा गया है कि अगर उस भोज में किसी तरह के कानून के उल्लंघन की बात उनके सामने आयी तो यह उनका संवैधानिक दायित्व था कि इसकी जानकारी सक्षम अधिकारी को देते।

नोटिस में चौधरी से कहा गया है, ‘‘अगर आपके पास अपने आरोपों के समर्थन में कोई साक्ष्य है तो आप उसे सक्षम अधिकारी को सौंपें ताकि उनके आधार पर आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा सके। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं तो यह समझा जाएगा कि महज राजनीतिक स्वार्थ के लिए आपने बिना सबूतों के जदयू और उसके शीर्ष नेताओं की छवि को धूमिल करने की कोशिश की।’’

नोटिस में चौधरी को 15 दिनों के अंदर इस मामले में साक्ष्य प्रस्तुत करने को कहा गया है और ऐसा वे नहीं कर पाने की स्थिति में उनके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई करने की बात कही गई है।

उल्लेखनीय है कि बिहार सरकार ने 2016 में ही शराब की बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध लगा दिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

\