देश की खबरें | जदएस ने राष्ट्रपति चुनाव में मुर्मू को समर्थन देने का संकेत दिया, आधिकारिक घोषणा जल्द

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जनता दल (सेकुलर) के नेता एचडी कुमारस्वामी ने बुधवार को संकेत दिया कि उनकी पार्टी राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा नीत राजग उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू को समर्थन दे सकती है। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ रहे दोनों उम्मीदवारों की पृष्ठभूमि को देखने के बाद जल्द ही अंतिम फैसला लिया जाएगा।

बेंगलुरु, 29 जून जनता दल (सेकुलर) के नेता एचडी कुमारस्वामी ने बुधवार को संकेत दिया कि उनकी पार्टी राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा नीत राजग उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू को समर्थन दे सकती है। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ रहे दोनों उम्मीदवारों की पृष्ठभूमि को देखने के बाद जल्द ही अंतिम फैसला लिया जाएगा।

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मुर्मू ने जद (एस) के संरक्षक और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा से समर्थन मांगा है और उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए समय भी मांगा है।

कुमारस्वामी ने कहा, “वह (मुर्मू) पहले ही हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष (देवेगौड़ा) से दो बार फोन पर चर्चा कर चुकी हैं और समर्थन का अनुरोध कर चुकी हैं। साथ ही मिलने के लिए समय मांगा था। मैंने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष से अनुरोध किया कि वर्तमान स्थिति में उन्हें व्यक्तिगत रूप से आने की कोई आवश्यकता नहीं है।”

यहां पत्रकारों से बात करते हुए, उन्होंने कहा कि मुर्मू के पास पहले से ही बहुमत है और उन्होंने सद्भावना और उदारता से देवेगौड़ा का समर्थन लेने की इच्छा व्यक्त की है।

कुमारस्वामी ने कहा, “वह पहले ही जीत चुकी हैं...उन्हें इतनी दूर आने की जरूरत नहीं है...हम पार्टी में फैसला करेंगे...आप (मीडिया) अब तक समझ गए होंगे कि हमारा फैसला क्या हो सकता है। अंतिम फैसला लेने से पहले हम दोनों उम्मीदवारों की पृष्ठभूमि पर गौर करेंगे। यहां कांग्रेस या भाजपा या किसी बी-टीम का कोई सवाल नहीं है।”

जदएस नेता ने कहा कि उन्होंने मुर्मू की पृष्ठभूमि और उनका संघर्ष देखा है।

हाल में मुर्मू को "उपयुक्त" और "गैर-विवादास्पद" उम्मीदवार बताते हुए देवेगौड़ा ने कहा था कि वह उन्हें केवल एक आदिवासी उम्मीदवार के रूप में नहीं देखना चाहते, बल्कि यह कहना चाहते हैं कि वह राष्ट्रपति पद के लिए "सक्षम" हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now