देश की खबरें | जदएस प्रमुख देवेगौड़ा ने भाजपा नेतृत्व से भेंट की पुष्टि की; कहा गठबंधन पर कुमारस्वामी करेंगे बात

बेंगलुरु, 10 सितंबर लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा और जद (एस) के बीच सहमति बनने की संभावनाओं के बीच, पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा ने दिल्ली में भाजपा नेतृत्व के साथ इस पर चर्चा करने की पुष्टि की है।

यह कहते हुए कि उनके पुत्र और पार्टी नेता एच डी कुमारस्वामी भाजपा नेतृत्व के साथ चर्चा करेंगे और चुनावी समझ के संबंध में निर्णय लेंगे, जद (एस) सुप्रीमो ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में उनकी बातचीत के दौरान सीट बंटवारे पर चर्चा नहीं हुई।

देवेगौड़ा ने कहा, ‘‘(कांग्रेस नेताओं द्वारा) इसकी आलोचना की जा रही है कि देवेगौड़ा दिल्ली गए और वहां किसी से मिले। हां, इस पार्टी को बचाने की जरूरत है। मैंने इस पार्टी के लिए चालीस साल काम किया है। मैंने इस पार्टी को तब भी बचाया जब कुमारस्वामी भाजपा के साथ गए थे (2006 में गठबंधन सरकार बनी थी)।’’

जद (एस) कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए देवेगौड़ा ने कहा, ‘‘हां, मैंने दिल्ली में भाजपा नेताओं से संपर्क किया था, लेकिन देवेगौड़ा को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए नहीं। इस पार्टी को बचाने के लिए, एक क्षेत्रीय पार्टी जिसे मैंने 40 वर्षों तक सींचा है... हां, मैं मोदी से तब मिला, जब भाजपा नेताओं ने खुद मुझसे मिलने की इच्छा जताई। यह सच है कि मैंने उनसे बात की, लेकिन मैंने कोई सीट नहीं मांगी है।’’

भाजपा के साथ चुनावी गठजोड़ के मुद्दे पर जद (एस) संरक्षक ने कहा, कुमारस्वामी अंततः मोदी और भाजपा नेताओं के साथ चर्चा करेंगे कि वे कितनी सीटें देंगे और क्षेत्रीय पार्टी कितनी सीटें लेगी और फैसला करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘छुपाने जैसा कुछ नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मोदी मेरा सम्मान करते हैं और गृह मंत्री (अमित शाह) भी, वे मेरा व्यवहार जानते हैं। मैंने सीटों की मांग नहीं की है। मैंने हर क्षेत्र में स्थिति स्पष्ट कर दी है। कुमारस्वामी और वे बैठेंगे और फैसला करेंगे। मुझे यह विश्वास है।’’

अर्पणा नरेश

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)