देश की खबरें | भाला फेंक खिलाड़ी जेना को हंगरी दूतावास ने वीजा साक्षात्कार के लिए बुलाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भाला फेंक के खिलाड़ी किशोर जेना का एक महीने का वीजा हंगरी के दूतावास द्वारा रद्द किए जाने के एक दिन बाद इस भारतीय खिलाड़ी को शुक्रवार को दोबारा वीजा साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है जिससे इस 27 वर्षीय खिलाड़ी के बुडापेस्ट में आगामी विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हिस्सा लेने की उम्मीद जगी है।
नयी दिल्ली, 17 अगस्त भाला फेंक के खिलाड़ी किशोर जेना का एक महीने का वीजा हंगरी के दूतावास द्वारा रद्द किए जाने के एक दिन बाद इस भारतीय खिलाड़ी को शुक्रवार को दोबारा वीजा साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है जिससे इस 27 वर्षीय खिलाड़ी के बुडापेस्ट में आगामी विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हिस्सा लेने की उम्मीद जगी है।
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने गुरुवार को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए कहा, ‘‘सभी को धन्यवाद। भाला फेंक के खिलाड़ी किशोर कुमार जेना को हंगरी दूतावास से वीजा साक्षात्कार के लिए कल सुबह नौ बजे का समय मिला है।’’
ओडिशा के इस खिलाड़ी का वीजा हंगरी दूतावास ने बुधवार के रद्द कर दिया था जिससे उनके 19 से 27 अगस्त तक होने वाली प्रतिष्ठित एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पर सवालिया निशान लग गया था।
जेना का वीजा रद्द होने के बाद साथी भाला फेंक खिलाड़ी और ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने गुरुवार को वीजा मुद्दे को सुलझाने के लिए विदेश मंत्रालय से हस्तक्षेप की मांग की जिससे कि यह खिलाड़ी विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में प्रतिस्पर्धा पेश कर सके।
अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर नीरज ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से ‘समाधान खोजने’ का आग्रह कि या।
नीरज ने विदेश मंत्रालय और जयशंकर को टैग करते हुए पोस्ट किया, ‘‘अभी सुना है कि किशोर जेना के वीजा के साथ कुछ समस्याएं हैं जो उन्हें विश्व चैंपियनशिप के लिए हंगरी में प्रवेश करने से रोक रही हैं। मुझे उम्मीद है कि अधिकारी कोई समाधान ढूंढने में सक्षम होंगे क्योंकि यह उसके करियर के सबसे बड़े लम्हों में से एक है। आइए वह सब कुछ करें जो हम कर सकते हैं।’’
जेना ने विश्व रैंकिंग कोटा के जरिए विश्व चैंपियनशिप में जगह बनाई है। उन्होंने 30 जुलाई को श्रीलंकाई राष्ट्रीय चैंपियनशिप में 84.38 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीता था।
तीस जुलाई को क्वालिफिकेशन अवधि पूरी होने के बाद विश्व एथलेटिक्स द्वारा अपडेट की गई ‘रोड टू बुडापेस्ट’ सूची में 36वें स्थान पर रहने के बाद जेना ने इस प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया था।
यह 27 वर्षीय खिलाड़ी विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने वाले चार भारतीय भाला फेंक खिलाड़ियों में से एक है। डीपी मनु और रोहित यादव ने भी क्वालीफाई किया था। रोहित हालांकि बाद में कोहनी की सर्जरी के कारण बाहर हो गए।
जून में राष्ट्रीय अंतर राज्यीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने वाले जेना और मनु 28 सदस्यीय टीम में शामिल दो खिलाड़ी हैं जो अब तक बुडापेस्ट नहीं पहुंचे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 17, 2023 06:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

