जरुरी जानकारी | जापानी प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश में खनिज सहयोग की संभावनाएं तलाशीं
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. जापानी दूतावास और क्वॉड समूह के एक प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित लोहम कंपनी के परिसर का दौरा कर खनिज क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं तलाशी हैं।
लखनऊ, नौ जुलाई जापानी दूतावास और क्वॉड समूह के एक प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित लोहम कंपनी के परिसर का दौरा कर खनिज क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं तलाशी हैं।
यह कंपनी भारत की सबसे बड़ी लीथियम-आयन बैटरी रिसाइक्लिंग और क्रिटिकल मटेरियल प्रोसेसिंग यूनिट का संचालन करती है।
कंपनी की बुधवार को जारी बयान के मुताबिक, इस 74 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को कंपनी परिसर का दौरा किया। इस प्रतिनिधिमंडल में जापान के मेटी, बास्क, जेट्रो और वित्त मंत्रालय के अधिकारी शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने भारत-जापान के बीच साझा निवेश, ई-कचरे से दोबारा इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री निकालने, प्रौद्योगिकी का अंतरण और हरित आपूर्ति शृंखला पर बातचीत की। इस दौरे को चीन की दुर्लभ खनिज नीति के खिलाफ एक रणनीतिक जवाब के रूप में देखा जा रहा है।
इस मौके पर लोहम के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रजत वर्मा ने कहा, "भारत-जापान का सहयोग टिकाऊ, हरित और आत्मनिर्भर आपूर्ति शृंखला का नया मॉडल बनेगा।"
उन्होंने कहा, "दरअसल महत्वपूर्ण खनिज वो दुर्लभ और महंगे खनिज हैं जो आधुनिक तकनीक, बैटरियां, सेमी-कंडक्टर, अक्षय ऊर्जा उपकरणों, रक्षा उपकरणों और स्मार्टफोन जैसी चीजों में जरूरी हैं।"
वर्मा ने कहा कि भारत के पास ई-कचरे का भंडार है जबकि जापान के पास परिष्कृत प्रौद्योगिकी और संसाधनों के अनुकूलतम उपयोग वाली अर्थव्यवस्था है। दोनों देशों के लिए बैटरी और महत्वपूर्ण खनिजों में साझेदारी सिर्फ व्यापार नहीं, बल्कि चीन के एकतरफा नियंत्रण के खिलाफ एक सुरक्षित रणनीति भी है।
उन्होंने कहा कि पुरानी बैटरी से नई बैटरी बनाने की तकनीक लोहम की सबसे बड़ी ताकत है।
सलीम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 09, 2025 10:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

