देश की खबरें | जम्मू कश्मीर कांग्रेस ने राज्य का दर्जा बहाल करने और विस चुनाव कराने को लेकर दो प्रस्ताव पारित किये
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की जम्मू कश्मीर इकाई ने शनिवार को अपनी कार्यकारिणी समिति की बैठक में इस केंद्रशासित प्रदेश का राज्य का दर्जा बहाल करने तथा विधानसभा चुनाव कराने की मांग करते हुए दो प्रस्ताव पारित किये।
जम्मू, 16 दिसंबर कांग्रेस की जम्मू कश्मीर इकाई ने शनिवार को अपनी कार्यकारिणी समिति की बैठक में इस केंद्रशासित प्रदेश का राज्य का दर्जा बहाल करने तथा विधानसभा चुनाव कराने की मांग करते हुए दो प्रस्ताव पारित किये।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य के सभी सरकारी एवं अर्ध-सरकारी संस्थानों में त्वरित गति से सभी रिक्त पदों को तत्काल भरने तथा भर्ती घोटालों की जांच के लिए ‘उच्च स्तरीय जांच आयोग’ के गठन की भी मांग की।
पार्टी की जम्मू कश्मीर मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल की मौजूदगी में ये प्रस्ताव पारित किये गये।
पाटिल ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ आज , हमने राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक की, जिसमें हमने एक राजनीतिक और दूसरा सामाजिक-आर्थिक प्रस्ताव पारित किया। हम मुद्दों पर चर्चा करने के लिए बैठक कर रहे हैं। हम जम्मू कश्मीर की स्थिति पर चर्चा कर रहे हैं तथा इस पर कार्यकर्ताओं के दृष्टिकोण को सुन रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि पार्टी उनके हिसाब से नीति बनायेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘उसने (शीर्ष अदालत) सितंबर 2024 की समयसीमा तय की है... हम चाहते हैं कि राज्य का दर्जा बहाल हो। हम नौकरियों की गारंटी चाहते हैं। हम शीघ्र विधानसभा चुनाव चाहते हैं, ताकि हमारे यहां भी मंत्रिपरिषद एवं विधायक हों।’’
इस केंद्रशासित प्रदेश में पांच साल से अधिक समय से विधानसभा चुनाव नहीं कराये गये हैं।
कांग्रेस की जम्मू कश्मीर इकाई ने कहा कि शहरी स्थानीय निकाय के चुनाव और पंचायत चुनाव टाल देने से जम्मू कश्मीर में लोकतंत्र का कोई अंश नहीं बचा है।
पार्टी पहले ही सरकार के समक्ष इस मुद्दे को उठा चुकी है कि 73वें और 74वें संशोधन के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग के तहत इन निकायों के चुनाव कराए जाएं, जिसमें एससी, एसटी और महिलाओं की तरह ओबीसी को उचित आरक्षण दिया जाए।
पार्टी ने जम्मू कश्मीर में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की भी मांग की है।
पाटिल ने कहा, ‘ हम महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण के पक्ष में हैं। यह हमारा वादा था।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 16, 2023 07:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

