एजेंसी न्यूज

ताजा खबरें | जम्मू-कश्मीर: उधमपुर लोकसभा सीट पर पहले दो घंटों में हुआ 10 प्रतिशत से अधिक मतदान

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. लोकसभा चुनाव के पहले चरण में शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के उधमपुर संसदीय क्षेत्र में मूसलाधार बारिश होने के बावजूद मतदान के पहले दो घंटों में 10 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। निर्वाचन अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

ताजा खबरें | जम्मू-कश्मीर: उधमपुर लोकसभा सीट पर पहले दो घंटों में हुआ 10 प्रतिशत से अधिक मतदान

जम्मू, 19 अप्रैल लोकसभा चुनाव के पहले चरण में शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के उधमपुर संसदीय क्षेत्र में मूसलाधार बारिश होने के बावजूद मतदान के पहले दो घंटों में 10 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। निर्वाचन अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पूरे निर्वाचन क्षेत्र में 2,637 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है।

इस सीट पर मतदाता 12 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे, जिनमें केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह भी शामिल हैं। भाजपा उम्मीदवार जितेंद्र सिंह 2014 और 2019 में इस सीट पर जीत दर्ज कर चुके हैं।

पांच अगस्त, 2019 को अनुच्छेद 370 को निरस्त करने और तत्कालीन राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने के बाद यह पहली बड़ी चुनावी लड़ाई है।

चुनाव मैदान में अन्य प्रमुख लोगों में कांग्रेस नेता और दो बार के पूर्व सांसद चौधरी लाल सिंह और डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आज़ाद पार्टी (डीपीएपी) के जी एम सरूरी के अलावा छह निर्दलीय भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।

अधिकारियों ने कहा कि खराब मौसम के बावजूद मतदाताओं को मतदान शुरू होने से पहले मतदान केंद्रों की ओर जाते देखा गया। 11,000 से अधिक मतदान कर्मचारियों को तैनात किया गया है, तथा स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

उधमपुर संसदीय क्षेत्र 16,707 वर्ग किलोमीटर के विस्तृत क्षेत्र में फैला हुआ है। इसमें पांच जिलों- किश्तवाड़, डोडा, रामबन, उधमपुर और कठुआ में फैले 18 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि सुबह नौ बजे तक पद्देर-नागसेनी और इंद्रवाल में क्रमश: 13.84 प्रतिशत और 13.73 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद कठुआ में 12.33 प्रतिशत, उधमपुर पूर्व में 11.93 प्रतिशत, किश्तवाड़ में 11.88 प्रतिशत, रामनगर 11.31 प्रतिशत, बिलावर में 11.04 प्रतिशत, हीरानगर में 10.70 प्रतिशत, जसरोटा में 10.67 प्रतिशत, डोडा पश्चिम में 10.75 प्रतिशत, डोडा में 9.97 प्रतिशत, रामबन में 9.71 प्रतिशत और उधमपुर पश्चिम में 9.08 प्रतिशत मतदान हुआ।

लाल सिंह और सरूरी ने कठुआ और किश्तवाड़ में अपने-अपने मतदान केंद्रों पर वोट डाला।

अधिकारियों ने कहा कि कुल 84,468 युवा पहली बार मतदान करने के पात्र हैं, जिनकी आयु 18-19 वर्ष है। इनमें से 45,825 पुरुष, 38,641 महिलाएं और किन्नर समुदाय के दो मतदाता हैं।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन क्षेत्र में बड़ी संख्या में बुजुर्ग आबादी भी है, जिसमें 80 वर्ष और उससे अधिक उम्र के 12,020 पुरुष और 13,612 महिलाएं हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 19, 2024 11:26 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).