देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर: उधमपुर में पांच महीने में मादक पदार्थों और मवेशियों के 149 तस्कर गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में पिछले पांच महीनों में मादक पदार्थों और मवेशियों के 149 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
जम्मू, एक जून जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में पिछले पांच महीनों में मादक पदार्थों और मवेशियों के 149 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार किये गये तस्करों में से 61 आरोपियों को दोषी ठहराया गया, जबकि मादक पदार्थ तस्करों की 4.19 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई और 35 बैंक खातों के लेन-देन पर रोक लगा दी गयी।
पुलिस ने उधमपुर जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ लड़ाई में उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जनवरी से मई तक कुल 44 मामले दर्ज कर 62 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 2.21 करोड़ रुपये मूल्य के प्रतिबंधित पदार्थ जब्त किए गए।
पुलिस के मुताबिक, मादक पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल किए जाने वाले 16 वाहनों को भी जब्त किया गया और एच1 दवाओं से संबंधित उल्लंघन के लिए दवा की चार दुकानों को बंद कराया गया।
प्रवक्ता ने वित्तीय संपत्तियों पर एक महत्वपूर्ण कार्रवाई के बारे में बताया कि मादक पदार्थों के तस्करों के 35 बैंक खातों के लेन-देन पर रोक लगा दी गयी, जिनमें करीब 16.70 लाख रुपये जमा थे।
पुलिस ने आवासीय भवनों, वाहनों और वाणिज्यिक संपत्तियों सहित 4.19 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त कीं।
प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस ने 20 मामलों में 27 तस्करों को सफलतापूर्वक सजा भी दिलाई।
पुलिस ने नशा मुक्त समाज सुनिश्चित करने के लिए मादक पदार्थों के खतरे के खिलाफ अपना अभियान जारी रखने का दृढ़ संकल्प व्यक्त किया।
पुलिस ने मवेशियों की तस्करी के संबंध में बताया कि जनवरी से मई के अंत तक कुल 87 मामले दर्ज किए गए और तस्करी किए जा रहे 618 पशुओं को बचाया गया।
प्रवक्ता ने बताया कि सार्वजनिक सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के तहत चार लोगों सहित लगभग 99 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मवेशियों को लाने-ले जाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले 70 वाहनों को जब्त कर लिया गया और 20 से अधिक वाहनों का पंजीकरण रद्द कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि इस अवधि के दौरान 34 लोगों को सजा दिलाई गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 01, 2025 05:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

