खेल की खबरें | जायसवाल का अर्धशतक, राजस्थान रॉयल्स ने आरसीबी को 174 रन का लक्ष्य दिया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के अर्धशतक से राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार को यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ चार विकेट पर 173 रन बनाए।
जयपुर, 13 अप्रैल सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के अर्धशतक से राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार को यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ चार विकेट पर 173 रन बनाए।
जायसवाल ने 47 गेंद में 10 चौकों और दो छक्कों से 75 रन की पारी खेली। उन्होंने रियान पराग (30) के साथ दूसरे विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी भी की। ध्रुव जुरेल ने अंत में 23 गेंद में दो चौकों और दो छक्कों से नाबाद 35 रन की पारी खेलकर टीम को चुनौतपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।
आरसीबी की ओर से जोश हेजलवुड (26 रन पर एक विकेट), कृणाल पंड्या (29 रन पर एक विकेट), भुवनेश्वर कुमार (32 रन पर एक विकेट) और यश दयाल (36 रन पर एक विकेट) ने एक-एक विकेट चटकाया।
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया जिसके बाद जायसवाल और संजू सैमसन (15) ने पावर प्ले में 45 रन जोड़कर टीम को सतर्क शुरुआत दिलाई।
जायसवाल ने भुवनेश्वर कुमार पर चौके से खाता खोला और फिर यश दयाल की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा।
सैमसन हालांकि जूझते हुए नजर आए और पावर प्ले में उन्होंने एकमात्र चौका जोश हेजलवुड पर जड़ा।
इसके बाद कप्तान सैमसन का धैर्य जवाब दे गया। वह कृणाल पंड्या की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश क्रीज से आगे बढ़े और जितेश शर्मा ने उन्हें स्टंप कर दिया। वह 19 गेंद में सिर्फ एक चौका लगा पाए।
जायसवाल और पराग ने इसके बाद पारी को आगे बढ़ाया। पराग ने सुयश शर्मा का स्वागत दो चौकों के साथ किया और फिर कृणाल पर डीप मिडविकेट के ऊपर से छक्का लगाया।
जायसवाल ने 13वें ओवर में कृणाल पर एक रन के साथ 35 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और इसी ओवर में चौके के साथ टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया।
यश ने गेंदबाजी में वापसी करते हुए पराग को विराट कोहली के हाथों कैच कराके राजस्थान को दूसरा झटका दिया। उन्होंने 22 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके और एक छक्का मारा।
जायसवाल भी यश के इस ओवर में भाग्यशाली रहे जब कवर्स में लियाम लिविंगस्टोन ने उनका कैच टपका दिया।
रॉयल्स ने 15 ओवर में दो विकेट पर 114 रन बनाए।
जायसवाल ने 16वें ओवर में हेजलवुड की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा लेकिन इसी ओवर में सीधी गेंद को चूककर पगबाधा हो गए।
ध्रुव जुरेल ने सुयश और यश पर छक्के के साथ रन गति में इजाफा करने की कोशिश की। सुयश की गेंद पर हालांकि कोहली ने उनका कैच भी टपकाया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 13, 2025 05:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

