देश की खबरें | जहांगीरपुरी सांप्रदायिक झड़प मामला : पत्थरबाजी में शामिल व्यक्ति गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी में पिछले साल हुई सांप्रदायिक झड़प के दौरान पत्थरबाजी करने के आरोप में 24 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 13 फरवरी उत्तर पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी में पिछले साल हुई सांप्रदायिक झड़प के दौरान पत्थरबाजी करने के आरोप में 24 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी सलमान उर्फ सुलेमान उस समूह का हिस्सा था, जिसने कथित रूप से 16 अप्रैल, 2022 को दंगे की साजिश रची और इसे अंजाम दिया।
मामले में नयी गिरफ्तारी के साथ पुलिस का दावा है कि उसने घटना में शामिल नाबालिगों समेत 36 से अधिक लोगों को पकड़ा है।
पुलिस ने बताया कि सलमान की गिरफ्तारी पर 25,000 रुपये का इनाम रखा गया था। उन्होंने बताया कि आरोपी नशे का आदी है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘पूछताछ के दौरान हमने पाया कि आरोपी दंगे की साजिश रचने और इसे अंजाम देने में शामिल था। वह पत्थरों को इकट्ठा करने और पत्थरबाजी में सक्रिय रूप से शामिल था।’’
उन्होंने कहा कि घटना के बाद वह पश्चिम बंगाल भाग गया था और इसके बाद मुंबई चला गया था। दिल्ली पहुंचने से पहले सलमान लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
इससे पहले वह हत्या के प्रयास और चोरी के मामलों में संलिप्त पाया गया था।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पश्चिम) जिंतेंद्र कुमार मीणा ने कहा, ‘‘हमें सूचना मिली थी कि जहांगीरपुरी दंगों में शामिल सलमान 11 फरवरी को किसी व्यक्ति से मिलने आ रहा है। हमारी टीम ने जाल बिछाया और मंगल बाजार, महेंद्र पार्क के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।’’
पिछले साल 16 अप्रैल को जहांगीरपुरी में हनुमान जयंती पर शोभायात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच झड़प हो गई थी, जिसमें आठ पुलिसकर्मी और एक स्थानीय निवासी घायल हो गया था। पुलिस के मुताबिक, झड़प के दौरान पथराव किया गया और कुछ वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ सख्त राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 13, 2023 07:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

