खेल की खबरें | अय्यर का अर्धशतक, बाकी भारतीय बल्लेबाज रहे नाकाम
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. अर्धशतक जड़ने वाले श्रेयस अय्यर के अलावा भारत का कोई बल्लेबाज इंग्लैंड के गेंदबाजों का सामना नहीं कर सका और पहले टी20 मैच में मेजबान टीम सात विकेट पर 124 रन ही बना सकी ।
अहमदाबाद, 12 मार्च अर्धशतक जड़ने वाले श्रेयस अय्यर के अलावा भारत का कोई बल्लेबाज इंग्लैंड के गेंदबाजों का सामना नहीं कर सका और पहले टी20 मैच में मेजबान टीम सात विकेट पर 124 रन ही बना सकी ।
जोफ्रा आर्चर और मार्क वुड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी के कप्तान इयोन मोर्गन के फैसले को सही साबित कर दिखाया । पिच से मिल रही अतिरिक्त उछाल का दोनों ने भरपूर फायदा उठाया । ऐसी पिच पर जब संयम से खेलने की जरूरत थी, भारत के अधिकांश बल्लेबाज गैर जिम्मेदाराना शॉट खेलकर आउट हुए ।
अय्यर ने हालांकि तेजी से पिच के अनुकूल ढलते हुए टीम को सौ रन के पार पहुंचाया । उन्होंने 48 गेंद की पारी में आठ चौके और एक छक्का जड़ा जो टी20 में उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी है ।वह आखिरी ओवर में आउट हुए ।
इंग्लैंड ने गेंदबाजी की शुरूआत लेग स्पिनर आदिल राशिद से कराके भारत को चौंका दिया । राशिद ने न सिर्फ किफायती गेंदबाजी की बल्कि मेजबान कप्तान विराट कोहली (0) का कीमती विकेट भी लिया । वहीं सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (एक) को आर्चर ने पवेलियन भेजा ।
भारत का स्कोर एक समय तीन विकेट पर 20 रन था । रोहित शर्मा को आराम दिये जाने के कारण टीम में आये शिखर धवन मौके का फायदा नहीं उठा सके और वुड का पहला शिकार हुए ।
फॉर्म में चल रहे ऋषभ पंत को चौथे नंबर पर भेजा गया और वह आत्मविश्वास से भरे भी लगे । उन्होंने आर्चर को रिवर्स फ्लिक पर छक्का जड़ा लेकिन 21 रन बनाकर विकेट गंवा बैठे । पंत और अय्यर ने 28 रन की साझेदारी की लेकिन बेन स्टोक्स ने पंत को जॉनी बेयरस्टॉ के हाथों लपकवाकर इस साझेदारी को तोड़ा ।
हार्दिक पंड्या ने खुलकर खेलने की कोशिश की लेकिन कोई कमाल नहीं कर सके ।
इंग्लैंड की टीम ने पूर्व क्रिकेटर जॉय बेंजामिन की याद में हाथ पर काली पट्टी बांधकर खेला ।बेंजामिन का बुधवार को निधन हो गया था ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 12, 2021 09:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

