चोटिल Shubman Gill की जगह खिलाड़ी न भेजने पर Sourav Ganguly ने कहा- यह चयनकर्ताओं का फैसला है
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने चोटिल सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल की जगह किसी अन्य खिलाड़ी को इंग्लैंड नहीं भेजने के फैसले पर उठे विवाद पर गुरुवार को कहा कि यह चयनसमिति से जुड़ा विषय है.
कोलकाता, आठ जुलाई: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने चोटिल सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल की जगह किसी अन्य खिलाड़ी को इंग्लैंड नहीं भेजने के फैसले पर उठे विवाद पर गुरुवार को कहा कि यह चयनसमिति से जुड़ा विषय है. भारतीय टीम प्रबंधन ने अपने प्रशासनिक मैनेजर गिरीश डोंग्रे के जरिये 28 जून को गिल की जगह दो सलामी बल्लेबाजों को भेजने के लिये कहा था. उन्होंने पृथ्वी सॉव और देवदत्त पडिक्कल के नाम भी सुझाये थे. लेकिन चयनसमिति के अध्यक्ष चेतन शर्मा ने दो दिन पहले तक कोई औपचारिक उत्तर नहीं भेजा था क्योंकि चार सलामी बल्लेबाज पहले से ही टीम में हैं. गांगुली जब गुरुवार को अपने 49वें जन्मदिन के अवसर पर पत्रकारों से बात कर रहे थे तो उनसे इस विवादास्पद मामले के बारे में भी पूछा गया. उन्होंने कहा, ‘‘यह चयनकर्ताओं का फैसला है.’’
सॉव और पडिक्कल अभी सीमित ओवरों की श्रृंखला के लिये श्रीलंका में हैं जहां भारतीय टीम शिखर धवन की अगुवाई में तीन वनडे और इतने ही टी20 मैच खेलेगी. नियमित कप्तान विराट कोहली की अगुवाई में भारत चार अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलेगा. गांगुली ने इसके साथ ही उम्मीद व्यक्त की कि वे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बाकी बचे मैचों को सितंबर में यूएई में आयोजित करने में सफल रहेंगे. उन्होंने कहा, ‘‘कुछ नहीं होगा, हम सब कुछ संभाल लेंगे. यह सितंबर में शुरू होगा.’’ गांगुली ने फिर से दोहराया कि बीसीसीआई को सभी हितधारकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस साल के आईसीसी टी20 विश्व कप का आयोजन यूएई में करना पड़ रहा है. पहले इसका आयोजन भारत में होना था.
यह भी पढ़ें- SL vs IND: युवजेंद्र चहल ने भरी हुंकार, कहा- इस श्रृंखला में आपको अधिक आत्मविश्वास से भरा युवजेंद्र दिखेगा
उन्होंने कहा, ‘‘इस पर खेद होगा लेकिन किसी ने भी अपने पूरे जीवन में ऐसी परिस्थितियां नहीं देखी हैं. पिछले साल विश्व कप को रद्द कर दिया गया था. यदि इस बार भी विश्व कप कोविड के कारण रद्द होता तो इससे खेल को बहुत अधिक नुकसान होता. इसलिए हमने सुरक्षित स्थान पर आयोजन का फैसला किया.’’ गांगुली को इस साल जनवरी में हृदय संबंधी परेशानी के कारण एंजियोप्लास्टी करवानी पड़ी थी लेकिन उन्होंने कहा अब वह फिट हैं.
उन्होंने कहा, ‘‘मैं पूरी तरफ से फिट हूं. एक और साल गुजर गया. समय ऐसे ही आगे बढ़ता है. कोविड के इस समय में जितना संभव हो सके घर में रहने का प्रयास करें. यह आपके लिये ही नहीं आपके आसपास के लोगों के लिये भी जरूरी है. घर में लोगों ने जश्न मनाने की तैयारी कर ली है. सब कुछ घर के अंदर ही होगा.’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 08, 2021 07:13 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

