विदेश की खबरें | इजराइल ने हिज्बुल्ला के साथ ‘एक और युद्ध’ शुरू होने की चेतावनी दी
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

लेबनान के साथ लगती सीमा पर लड़ाई ऐसे वक्त में बढ़ गयी है जब इजराइल गाजा में हमास चरमपंथियों से लोहा ले रहा है। इस स्थिति को देखते हुए अमेरिका द्वारा तत्काल कूटनीतिक कदम उठाए जाने की आवश्यकता बढ़ गयी है और वह भी ऐसे वक्त में जब विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन पश्चिम एशिया की अपनी यात्रा पर इजराइल आने की तैयारी कर रहे हैं।

ब्लिंकन ने कतर में वार्ता के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह ऐसा संघर्ष है जो आसानी से बढ़ सकता है जिससे और अधिक असुरक्षा और पीड़ा पैदा हो सकती है।’’

इजराइल और हिज्बुल्ला के बीच सीमा पार लड़ाई ने क्षेत्रीय संघर्ष रोकने के अमेरिका के प्रयास को जटिल बना दिया है।

इजराइली सेना ने बताया कि हिज्बुल्ला ने शनिवार को माउंट मेरोन पर एक संवेदनशील हवाई यातायात नियंत्रण अड्डे पर हमला किया लेकिन हवाई रक्षा प्रणालियों पर कोई असर नहीं पड़ा। उसने बताया कि कोई भी सैनिक घायल नहीं हुआ और सभी क्षतिग्रस्त चीजों की मरम्मत की जाएगी।

गाजा में इजराइल के युद्ध के बीच यह हिज्बुल्ला की ओर से सबसे गंभीर हमलों में से एक है।

हिज्बुल्ला ने अपने रॉकेट हमले को पिछले सप्ताह बेरूत में उसके गढ़ में एक शीर्ष हमास नेता की लक्षित हत्या की ‘‘प्रारंभिक प्रतिक्रिया’’ बताया। ऐसा माना जाता है कि हमास नेता की हत्या इजराइल ने करायी।

इजराइली सेना के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट कर्नल हर्जी हालेवी ने बताया कि हमास के सहयोगी हिज्बुल्ला पर सैन्य दबाव बढ़ रहा है और या तो यह प्रभावी होगा या ‘‘हम एक और युद्ध की ओर बढ़ेंगे।’’

कतर सरकार ने ब्लिंकन के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि लेबनान में वरिष्ठ हमास नेता की हत्या गाजा में हमास के चंगुल से और बंधकों की संभावित रिहाई के लिए जटिल वार्ता पर असर डाल सकती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)