देश की खबरें | इजराइल दूतावास विस्फोट : सीसीटीवी में दिखाई दिए दो संदिग्ध युवक, दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाई गई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (तस्वीरों के साथ)

(तस्वीरों के साथ)

नयी दिल्ली, 27 दिसंबर दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित इजराइल के दूतावास के पास मंगलवार शाम को हुए विस्फोट मामले में सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए हैं। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि विस्फोट से कुछ देर पहले दो युवकों को घटनास्थल के करीब सड़क पर चलते हुए देखा जा सकता है। सुरक्षा एजेंसियों ने अब्दुल कलाम रोड और पृथ्वीराज रोड पर कई सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले हैं।

एक अधिकारी ने कहा कि इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कड़ी करते हुए राष्ट्रीय राजधानी में गश्त बढ़ा दी है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) ने फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ बुधवार को सुबह घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने पत्तियों व घास के नमूने एकत्र किए, जिसके बारे में उन्हें संदेह था कि इसमें विस्फोट में इस्तेमाल किए गए रसायन हो सकते हैं।

सूत्रों ने बताया कि एनएसजी के श्वान दस्ते ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने उस स्थान पर ‘ए’, ‘बी’ और ‘सी’ के साथ स्थानों को चिह्नित किया है, जहां मंगलवार की शाम को कम तीव्रता का विस्फोट हुआ था।

सूत्रों ने बताया कि विशेषज्ञों ने विस्फोट की तीव्रता का पता लगाने के लिए चुंबकीय उपकरणों का इस्तेमाल किया।

दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ और स्थानीय पुलिस के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अर्धसैनिक बल के जवानों को वहां तैनात किया गया।

एक अधिकारी ने बताया कि फिलहाल पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने पर विचार कर रही है।

एक अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने चाणक्यपुरी स्थित दूतावास के पास विस्फोट के बाद राष्ट्रीय राजधानी में भी सुरक्षा बढ़ा दी है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में इजराइल दूतावास और यहूदी प्रतिष्ठानों के आसपास के इलाकों में सुरक्षाकर्मियों की निगरानी बढ़ाई गई है।

घटनास्थल का दौरा करने वाले सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि चूंकि घटनास्थल पर विस्फोटक का कोई अवशेष नहीं मिला, इसलिए ‘‘रासायनिक विस्फोट’’ की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।

अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से इजराइली राजदूत को ‘‘अभद्र’’ में संबोधित एक पत्र बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\