विदेश की खबरें | इजराइल ने संघर्षविराम के बाद पहली बार फलस्तीनियों को उत्तरी गाजा लौटने की अनुमति दी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. कई दिनों से अपने क्षेत्र लौटने का इंतजार कर रहे हजारों फलस्तीनी सोमवार को उत्तर की ओर बढ़े। ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) के संवाददाताओं ने लोगों को सुबह सात बजे के बाद तथाकथित नेत्जारिम गलियारा पार करते देखा, जब नाका खुल जाता है।
कई दिनों से अपने क्षेत्र लौटने का इंतजार कर रहे हजारों फलस्तीनी सोमवार को उत्तर की ओर बढ़े। ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) के संवाददाताओं ने लोगों को सुबह सात बजे के बाद तथाकथित नेत्जारिम गलियारा पार करते देखा, जब नाका खुल जाता है।
हमास और इजराइल के बीच विवाद के कारण उत्तरी क्षेत्र में लोगों की वापसी में देरी हुई। इजराइल का आरोप था कि आतंकवादी समूह ने सैकड़ों फलस्तीनी कैदियों के बदले में रिहा किए जाने वाले बंधकों के क्रम में बदलाव किया था। हालांकि, वार्ताकारों ने देर रात विवाद सुलझा लिया।
संघर्षविराम का उद्देश्य इजराइल और हमास के बीच अब तक के सबसे घातक और विनाशकारी युद्ध को समाप्त करना और सात अक्टूबर, 2023 को आतंकवादियों द्वारा इजराइल को निशाना बनाकर किए गए हमले में पकड़े गए कई बंधकों की रिहाई सुनिश्चित करना है। इस हमले के बाद इजराइल ने हमास के खिलाफ युद्ध की शुरुआत की थी।
युद्ध के शुरुआती दिनों में इजराइल ने उत्तरी क्षेत्र को पूरी तरह से खाली करने का आदेश दिया था और जमीनी सैनिकों के आने के कुछ समय बाद ही इसे सील कर दिया था। अक्टूबर 2023 में लगभग दस लाख लोग दक्षिण की ओर पलायन कर गए और उन्हें वापस लौटने की अनुमति नहीं दी गई। लाखों लोग उत्तरी क्षेत्र में रह गए, जहां युद्ध के दौरान सबसे भीषण लड़ाई और सबसे भयानक विनाश हुआ।
इजराइल ने सीमा पार करने वाले ‘क्रॉसिंग’ को खोलने में देरी की। इजराइल ने कहा था कि वह तब तक फलस्तीनियों को उत्तर की ओर जाने की अनुमति नहीं देगा जब तक कि महिला नागरिक बंधक अर्बेल येहूद को रिहा नहीं कर दिया जाता। इजराइल ने यह आरोप भी लगाया कि हमास ने ऐसी कोई जानकारी नहीं दी कि पहले चरण में रिहा किए जाने वाले शेष बंधक जीवित हैं या मृत।
बदले में हमास ने इजराइल पर ‘क्रॉसिंग’ नहीं खोलकर समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।
हमास के साथ प्रमुख वार्ताकार एवं मध्यस्थ खाड़ी देश कतर ने सोमवार को घोषणा की कि शुक्रवार से पहले येहूद तथा दो अन्य बंधकों को रिहा करने पर सहमति बन गई है।
इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बयान में कहा कि बंधकों की रिहाई बृहस्पतिवार को होगी। बंधकों में महिला सैनिक अगम बर्गर भी शामिल हैं। यह रिहाई अगले शनिवार को पहले से तय की गई रिहाई के अलावा होगी, जब तीन बंधकों को रिहा किया जाना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)