विदेश की खबरें | दक्षिण अफ्रीका को अलग-थलग करने से ओमीक्रोन को रोकने में मदद नहीं मिलेगी :शीर्ष महामारीविद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप से दक्षिण अफ्रीका में आने वाले दिनों में संक्रमण के मामलों में तीव्र वृद्धि होने की आशंका जताते हुए देश के एक प्रमुख महामारीविद ने कहा है कि उनके देश को अलग-थलग करने से वायरस के इस नये स्वरूप को रोकने में मदद नहीं मिलेगी।
जोहानिसबर्ग, एक दिसंबर कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप से दक्षिण अफ्रीका में आने वाले दिनों में संक्रमण के मामलों में तीव्र वृद्धि होने की आशंका जताते हुए देश के एक प्रमुख महामारीविद ने कहा है कि उनके देश को अलग-थलग करने से वायरस के इस नये स्वरूप को रोकने में मदद नहीं मिलेगी।
प्रोफेसर अब्दुल करीम ने करीब 20 देशों द्वारा दक्षिण अफ्रीका और इसके पड़ोसी देशों पर यात्रा प्रतिबंध लगाये जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए यह कहा। उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका को अलग-थलग करने से ओमीक्रोन स्वरूप को रोकने में मदद नहीं मिलेगी क्योंकि अन्य देशों में यह नया स्वरूप पहले ही सामने आ चुका है।
दक्षिण अफ्रीका के वैज्ञानिकों ने पिछले हफ्ते ओमीक्रोन स्वरूप का पता चलने की घोषणा की थी।
राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा के राष्ट्र के नाम संबोधन के मद्देनजर, स्वास्थ्य विभाग द्वारा सोमवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में करीम ने कहा, ‘‘11 देश ओमीक्रोन के मामलों की अपने यहां पुष्टि होने की जानकारी दे रहे हैं। इसलिए दक्षिण अफ्रीका को अलग-थलग करना असल में मदद नहीं करने जा रहा क्योंकि जल्द ही कई अन्य देश भी वायरस के प्रसार के लिए जगह बनने जा रहे हैं। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमने जो कुछ भी देखा, वह बगैर सोचे समझे व्यक्त की गई प्रतिक्रिया थी। ’’
रामफोसा ने यात्रा प्रतिबंध को अनुचित और भेदभावपूर्ण बताया है।
करीम ने कहा, ‘‘जब हमें वायरस के खिलाफ एक दूसरे के साथ खड़े होने की जरूरत है, तब हम एक दूसरे के खिलाफ खड़े हैं, हमने दुश्मन को समझे बगैर और उससे एकजुट होकर निपटने के तरीके ढूंढने के बजाय एक दूसरे के बीच दीवार खड़ी कर दी है।’’
करीम ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए पहले से मौजूद रणनीतियां नये स्वरूप से निपटने के लिए पर्याप्त हैं। उन्होंने आने वाले दिनों में संक्रमण के मामलों में वृद्धि होने की आशंका जताई है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम अत्यधिक संक्रामकता की संभावना की उम्मीद कर सकते हैं, इसलिए शीघ्रता से कहीं अधिक मामले सामने आएंगे। हम इसका पूर्व साक्ष्य देख रहे हैं। मुझे लगता है कि सप्ताह के अंत तक प्रतिदिन 10,000 से अधिक मामले सामने आ सकते हैं। हम अगले दो-तीन हफ्तों में अस्पतालों पर दबाव पड़ता देखेंगे। ’’
करीम ने वायरस के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए लोगों से भीड़ से बचने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सबसे बड़ी चुनौती बड़े समागम को रोकने की होगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ओमीक्रोन का सबसे पहले बोत्सवाना में पता चला और फिर शीघ्र ही दक्षिण अफ्रीका में इसका पता चला। इतनी शुरूआत में इसका पता चलना हमारे देश में विज्ञान में किये गये निवेश की वैज्ञानिक सफलता का प्रतीक है। दक्षिण अफ्रीका और विश्व को अब इस वैज्ञानिक सफलता का लाभ उठाने की जरूरत है।’’
सोमवार को देश में संक्रमण के 4,373 मामले सामने आये, जो रविवार के 2,273 मामलों की तुलना में करीब दोगुना हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 01, 2021 04:17 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

