खेल की खबरें | आईपीएल इतिहास के दूसरे सबसे महंगे भारतीय बने ईशान, नौ खिलाड़ियों को मिली 10 करोड़ से अधिक राशि

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारत के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में युवराज सिंह के बाद दूसरे सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी बन गए जिन्हें शनिवार को यहां मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद से लंबी होड़ के बाद 15 करोड़ 25 लाख रूपये में फिर खरीदा।

बेंगलुरू, 12 फरवरी भारत के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में युवराज सिंह के बाद दूसरे सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी बन गए जिन्हें शनिवार को यहां मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद से लंबी होड़ के बाद 15 करोड़ 25 लाख रूपये में फिर खरीदा।

नीलामी में कई खिलाड़ियों पर टीमों ने मोटी बोली लगायी और इसमें तेज गेंदबाज और विकेटकीपर बल्लेबाज भी शामिल हैं। पिछले कुछ समय से अपनी गेंदबाजी के अलावा बल्लेबाजी में भी कमाल दिखा रहे दीपक चाहर में कई टीमों ने दिलचस्पी दिखायी लेकिन आखिर में चेन्नई सुपर किंग्स उन्हें 14 करोड़ रुपये खर्च करके अपनी टीम से जोड़ने में सफल रहे।

दीपक चाहर के अलावा जिन तेज गेंदबाजों को मोटी रकम मिली उनमें शार्दुल ठाकुर (दिल्ली कैपिटल्स, 10.75 करोड़ रुपये), प्रसिद्ध कृष्णा (राजस्थान रॉयल्स, 10 करोड़ रुपये), लॉकी फर्गुसन (गुजरात टाइटन्स, 10 करोड़ रुपये), कैगिसो रबाडा (पंजाब किंग्स 9.25 करोड़ रुपये), ट्रेंट बोल्ट (रॉयल्स, आठ करोड़ रुपये), जोश हेजलवुड (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर, 7.75 करोड़ रुपये) और मार्क वुड (लखनऊ सुपरजाइंट्स, 7.50 करोड़ रुपये प्रमुख हैं।

विकेटकीपरों ने भी हालांकि टीमों को आकर्षित किया और इनमें सबसे बड़ी धनराशि मिली ईशान को जिनके लिये मुंबई और हैदराबाद के बीच जबर्दस्त होड़ लगी जिसमें मुंबई ने बाजी मारी । ईशान का आधार मूल्य दो करोड़ रूपये था । विश्व कप 2011 में भारत की जीत के नायक रहे युवराज को दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) ने 2015 सत्र से पहले रिकॉर्ड 16 करोड़ रूपये में खरीदा था । इससे एक साल बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने उन्हें 14 करोड़ रूपये में खरीदा ।

आईपीएल के इतिहास में सबसे महंगे खिलाड़ी दक्षिण अफ्रीका के हरफनमौला क्रिस मौरिस हैं जिन्हें 2021 में मिनी नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने 16 . 25 करोड़ रूपये में खरीदा था।

विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन को सनराइजर्स हैदराबाद ने 10.75 करोड़ रूपये में खरीदा। विकेटकीपर दिनेश कार्तिक को आरसीबी ने साढे पांच करोड़ रूपये में खरीदा जबकि जॉनी बेयरस्टॉ को पंजाब किंग्स ने पौने सात करोड़ रूपये में अपनी टीम में शामिल किया । अंबाती रायुडू को चेन्नई सुपर किंग्स ने इसी रकम पर पुन: खरीदा ।

टीमों ने हालांकि विदेशी लेग स्पिनरों में खास दिलचस्पी नहीं दिखायी जबकि भारत के स्टार लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल को राजस्थान रॉयल्स ने छह करोड़ 50 लाख रुपये तथा राहुल चाहर को पंजाब किंग्स ने पांच करोड़ 25 लाख रुपये में खरीदा। दिल्ली ने कुलदीप यादव को दो करोड़ रुपये में अपनी टीम से जोड़ा।

इससे पहले भारत के स्टायलिश बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 12 करोड़ 25 लाख रूपये में खरीदा। भारत के तेज गेंदबाज और पिछले आईपीएल सत्र में सर्वाधिक विकेट लेने वाले हर्षल पटेल को आरसीबी ने फिर 10 करोड़ 75 लाख रूपये में खरीदा।

केकेआर ने आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस को भी सात करोड़ 25 लाख रूपये में फिर खरीदा जबकि पिछली बार वह 15 करोड़ रूपये में बिके थे। वहीं भारत के सीनियर सलामी बल्लेबाज शिखर धवन को भी पंजाब ने आठ करोड़ 25 लाख रूपये में खरीद लिया ।

अनुभवी आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को राजस्थान रॉयल्स ने पांच करोड़ रूपये में जबकि भारत के युवा बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को राजस्थान रॉयल्स ने पौने आठ करोड़ रूपये में खरीदा ।

भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को गुजरात टाइटंस ने पौने सात करोड़ रूपये में और क्विंटोन डिकॉक को लखनऊ जाइंट्स ने इसी दाम पर खरीदा । आस्ट्रेलिया के आक्रामक बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को दिल्ली कैपिटल्स ने छह करोड़ 25 लाख रूपये में खरीदा । वहीं दक्षिण अफ्रीका के फाफ डु प्लेसी को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने सात करोड़ रूपये में खरीदा ।

टी20 विशेषज्ञ वेस्टइंडीज के हरफनमौला जैसन होल्डर को लखनऊ ने पौने नौ करोड़ में और शिमरोन हेटमायेर को रॉयल्स ने साढे आठ करोड़ रूपये में खरीदा । वहीं श्रीलंका के हरफनमौला वानिंदु हसरंगा को आरसीबी ने 10.75 करोड़ रूपये में खरीदा ।

कोच रिकी पोंटिंग की दिल्ली ने आस्ट्रेलिया की टी20 विश्व कप फाइनल में जीत के नायक रहे मिशेल मार्श को साढे छह करोड़ रूपये में खरीदा । वहीं भारत के हरफनमौला वाशिंगटन सुंदर को सनराइजर्स ने 8.75 करोड़ रूपये में खरीदा । लखनऊ ने कृणाल पंड्या को 8.25 करोड़ रूपये में खरीदा ।

अय्यर के आने से केकेआर टीम की कप्तानी की समस्या भी हल होती नजर आ रही है । केकेआर ने टी20 विशेषज्ञ नीतिश राणा को भी आठ करोड़ रूपये में खरीदा । कमिंस के बारे में केकेआर के सीईओ वेंकी मैसूर ने कहा ,‘‘ हमें इस दाम पर उसे खरीदने की खुशी है । हमने सोचा था कि उसकी कीमत बहुत ऊपर जायेगी ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ पहले ही दौर में कमिंस और अय्यर को लेने से हम खुश है । जहां तक कप्तानी का सवाल है तो यह फैसला कोच और टीम प्रबंधन का होगा । उम्मीद है कि वे सही फैसला लेंगे ।’’

वहीं पंजाब किंग्स के सह मालिक मोहित बर्मन ने कहा ,‘‘ अगर आपको लगता है कि शिखर धवन गेम चेंजर नहीं हैं तो आप गलती कर रहे हैं । वह शानदार खिलाड़ी हैं । उसके आंकड़े और फिटनेस का स्तर देखिये तो वह बेहतरीन खिलाड़ी है ।’’

खराब फॉर्म से जूझ रहे मनीष पांडे को चार करोड़ 60 लाख रूपये में खरीदा । चेन्नई सुपर किंग्स ने एम एस धोनी के विश्वस्त ड्वेन ब्रावो को चार करोड़ 40 लाख रूपये और रॉबिन उथप्पा को दो करोड़ रूपये में खरीदा । लखनऊ टीम ने दीपक हुड्डा को पौने छह करोड़ रूपये में खरीदा ।

आस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ, दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर, इंग्लैंड के सैम बिलिंग्स, भारत के रिधिमान साहा, अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी, बांग्लादेश के शाकिब अल हसन और भारत के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना को कोई खरीदार नहीं मिला ।

नीलामी के पहले सत्र के दौरान नीलामीकर्ता ह्यू एडमीड्स रक्तचाप गिरने के कारण बेहोश होकर गिर गये लेकिन मेडिकल चेक-अप के बाद वह अब ठीक हैं।

अनुभवी खेल प्रस्तोता चारू शर्मा को बची हुई नीलामी की जिम्मदारी सौंपी गयी क्योंकि एडमीड्स चिकित्सकों की देखरेख में हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Pakistan vs Sri Lanka, 50th Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका को हराकर भी टूर्नामेंट से बाहर हुआ पाकिस्तान, न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में बनाई जगह; यहां देखें PAK बनाम SL मैच का स्कोरकार्ड

India vs West Indies, T20 World Cup 2026 52nd Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा टीम इंडिया बनाम वेस्टइंडीज के बीच सुपर-8 का महामुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

Kolkata Weather And Rain Forecast For India vs West Indies Match: कोलकाता में भारत बनाम वेस्टइंडीज सुपर 8 मुकाबले पर बारिश का खतरा नहीं, लेकिन ओस बन सकती है बड़ा फैक्टर

Zimbabwe vs South Africa Weather Update: दिल्ली में जिम्बाब्वे बनाम दक्षिण अफ्रीका मुकाबले में पिच और परिस्थितियां निभा सकती हैं अहम भूमिका, यहां जानें अरुण जेटली स्टेडियम का हाल

\