देश की खबरें | आईआरएस अधिकारी समीर वानखेड़े ने आरटीआई कार्यकर्ता के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की मांग की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के अधिकारी समीर वानखेड़े ने मुंबई पुलिस में एक शिकायत देकर एक आरटीआई कार्यकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मुंबई, दो अगस्त भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के अधिकारी समीर वानखेड़े ने मुंबई पुलिस में एक शिकायत देकर एक आरटीआई कार्यकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में कहा गया है कि कॉर्डेलिया क्रूज मामले पर उसके (कार्यकर्ता के) द्वारा अपलोड किया गया एक वीडियो प्रथम दृष्टया मानहानिकारक है।
वर्तमान में सीमा शुल्क के अतिरिक्त आयुक्त के रूप में तैनात वानखेड़े ने दावा किया कि कार्यकर्ता केतन तिरोडकर ने एक मराठी समाचार चैनल और अन्य मंचों पर एक झूठा, अपमानजनक साक्षात्कार प्रकाशित किया।
अंबोली थाने के एक अधिकारी ने बुधवार को वानखेड़े का आवेदन मिलने की पुष्टि की और कहा कि पुलिस इस पर गौर कर रही है।
शिकायत में दावा किया गया है कि तिरोडकर द्वारा एक विचाराधीन मामले पर तथ्यों के सत्यापन के बिना यूट्यूब पर अपलोड किए गए वीडियो ने वानखेड़े को बदनाम किया है।
वानखेड़े ने मांग की कि आरटीआई कार्यकर्ता के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 499 और 500 के तहत मानहानि का मामला दर्ज किया जाए।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मुंबई स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) के पूर्व प्रमुख वानखेड़े और चार अन्य पर कथित आपराधिक साजिश और जबरन वसूली की धमकी के अलावा रिश्वतखोरी से संबंधित प्रावधानों के लिए मामला दर्ज किया था। इसमें उन पर कॉर्डेलिया क्रूज जहाज पर मादक पदार्थ की जब्ती मामले में अभिनेता शाहरुख खान से उनके बेटे आर्यन को नहीं फंसाने के लिए 25 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)