देश की खबरें | ‘भारत की लौह महिला’ : कांग्रेस ने इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पार्टी नेता राहुल गांधी ने उन्हें नारी शक्ति का बेहतरीन उदाहरण बताया।

नयी दिल्ली, 31 अक्टूबर कांग्रेस ने रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पार्टी नेता राहुल गांधी ने उन्हें नारी शक्ति का बेहतरीन उदाहरण बताया।

राहुल गांधी ने यहां इंदिरा गांधी की समाधि ‘शक्ति स्थल’ पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

आज ही के दिन 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की उनके दो अंगरक्षकों ने हत्या कर दी थी।

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘मेरी दादी अंतिम घड़ी तक निडरता से देश सेवा में लगी रहीं-उनका जीवन हमारे लिए प्रेरणा स्रोत है। नारी शक्ति की बेहतरीन उदाहरण श्रीमती इंदिरा गांधी जी के बलिदान दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि।’’

इंदिरा गांधी के साथ अपने बचपन की एक तस्वीर साझा करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ट्वीट किया, ‘‘आपका जीवन साहस, निडरता और देशप्रेम का संदेश है। आपका जीवन आदर्शों की राह पर चलते हुए न्याय के लिए लड़ते रहने का संदेश है।’’

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि इतिहास हमेशा भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री और ‘‘महिला सशक्तिकरण की प्रतीक’’ इंदिरा गांधी के वृहद योगदान का साक्षी रहेगा।

कांग्रेस ने भी ट्वीट करके पूर्व प्रधानमंत्री के देश को दिए योगदान की सराहना की। कांग्रेस ने कहा, ‘‘उन्होंने ताकत का प्रतिनिधित्व किया। वह बलिदान का प्रतीक हैं। उन्होंने सेवा का प्रतिनिधित्व किया। भारत की लौह महिला, हमारी पहली महिला प्रधानमंत्री, सच्ची भारत रत्न श्रीमती इंदिरा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर शत शत नमन।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\