चुनिंदा रेल सेवाओं की शुरुआत से आईआरसीटीसी के शेयर पांच प्रतिशत बढ़े
कंपनी के शेयर बीएसई में पांच प्रतिशत बढ़कर 1,302.85 रुपये पर पहुंच गए। दूसरी ओर एनएसई में शेयर पांच प्रतिशत बढ़कर 1,303.55 रुपये पर कारोबार कर रहा था, जो इसकी ऊपरी सर्किट सीमा है।
नयी दिल्ली, 11 मई इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) के शेयरों में सोमवार को शुरुआती कारोबार के दौरान पांच प्रतिशत से अधिक की तेजी देखने को मिली। भारतीय रेलवे ने कहा है कि वह 12 मई से यात्री रेल सेवाओं को क्रमिक रूप से चालू करेगा, जिसके चलते यह तेजी हुई।
कंपनी के शेयर बीएसई में पांच प्रतिशत बढ़कर 1,302.85 रुपये पर पहुंच गए। दूसरी ओर एनएसई में शेयर पांच प्रतिशत बढ़कर 1,303.55 रुपये पर कारोबार कर रहा था, जो इसकी ऊपरी सर्किट सीमा है।
इन विशेष रेलगाड़ियों में आरक्षण के लिए बुकिंग 11 मई की शाम चार बजे शुरू होगी और यह बुकिंग केवल आईआरसीटीसी की वेबसाइट के जरिए की जा सकेगी।
भारतीय रेल ने रविवार को कहा था कि उसकी योजना 12 मई से चरणबद्ध तरीके से यात्री ट्रेन सेवाएं शुरू करने की है, और शुरुआत में चुनिंदा मार्गों पर 15 जोड़ी ट्रेनें (अप-एंड-डाउन मिलाकर 30 ट्रेनें) चलायी जाएंगी। साथ ही रेलवे ने कहा कि इन ट्रेनों में सीटें आरक्षित कराने वाले यात्रियों को प्रस्थान के समय से कम से कम एक घंटा पहले रेलवे स्टेशन पहुंचना होगा।
भारतीय रेल ने कहा कि शुरुआत में सभी 15 राजधानी ट्रेनों के मार्गों पर वातानुकुलित सेवाएं शुरु होंगी और उनका किराया सुपर-फास्ट ट्रेनों के समान होगा।
ये विशेष ट्रेनें नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन से चलेंगी और डिब्रूगढ़, अगरतला, हावड़ा, पटना, बिलासपुर, रांची, भुवनेश्वर, सिकंदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, तिरुवनंतपुरम, मडगांव, मुंबई सेंट्रल, अहमदाबाद और जम्मू-तवी को जाएंगी।
अधिकारी ने बताया कि श्रमिक ट्रेनों से उलट इन ट्रेनों के डिब्बों में सभी 72 सीटों पर बुकिंग होगी और इनके किराए में किसी भी प्रकार की छूट की संभावना भी नहीं है। गौरतलब है कि श्रमिक स्पेशल ट्रेनों में एक डिब्बे में अधिकतम 54 यात्रियों को यात्रा करने की अनुमति है।
कोविड-19 राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के कारण 25 मार्च से ही सभी यात्री ट्रेन सेवाएं बंद हैं।
भारतीय रेल ने कहा कि स्टेशनों पर टिकट बुकिंग खिड़की बंद रहेगी, प्लेटफॉर्म टिकट सहित कोई काउंटर टिकट जारी नहीं होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 11, 2020 12:03 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

