जरुरी जानकारी | आईओसी की पहल, मिस्ड कॉल देकर प्राप्त कीजिए एलपीजी कनेक्शन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सार्वजनिक क्षेत्र की इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) से एलपीजी कनेक्शन चाहिए तो आपको बस- 8454955555 नंबर पर मिस्ड कॉल देना होगा।
नयी दिल्ली, नौ अगस्त सार्वजनिक क्षेत्र की इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) से एलपीजी कनेक्शन चाहिए तो आपको बस- 8454955555 नंबर पर मिस्ड कॉल देना होगा।
इसके साथ ही मौजूदा ग्राहक पंजीकृत फोन नंबर के जरिये ‘मिस्ड कॉल’ देकर एलपीजी सिलेंडर भराने की बुकिंग कर सकते हैं।
आईओसी के चेयरमैन एस एम वैद्य ने सोमवार को देश में कहीं भी नये एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिये ‘मिस्ड कॉल’ सेवा शुरू की।
कंपनी के सोमवार को जारी बयान के अनुसार उन्होंने ग्राहकों के लिये उनके घर पर दो सिलेंडर वाला कनेक्शन (डीबीसी) उपलब्ध कराने की सुविधा का भी उद्घाटन किया।
इस पहल के तहत, जिन ग्राहकों के पास एक सिलेंडर कनेक्शन है, उन्हें डिलिवरी करने वाले कर्मी दो सिलेंडर वाले कनेक्शन में तब्दील करने का विकल्प देंगे।
इसमें रूचि रखने वाले ग्राहक जरूरत के समय उपयोग के लिये 14.2 किलो के सिलेंडर के बजाए 5 किलो के सिलेंडर का भी विकल्प चुन सकते हैं।
बयान के अनुसार, ‘‘आईओसी ने सभी घरेलू ग्राहकों को नये एलपीजी कनेक्शन का लाभ उठाने के लिये अपनी मिस्ड कॉल सुविधा का विस्तार किया है। देश भर के संभावित ग्राहक नया कनेक्शन लेने के लिए- 8454955555 पर मिस्ड कॉल दे सकते हैं।
वर्तमान में, आईओसी यह सुविधा प्रदान करने वाली एकमात्र तेल विपणन कंपनी है।
देश भर के ग्राहकों के लिए पहल शुरू करते हुए, वैद्य ने कहा, ‘‘सबसे व्यापक ग्राहक आधार वाली कंपनी के लिए, हमारा निरंतर प्रयास रहा है कि आज के अनुभव को कल के अनुभव से बेहतर बनाना है। हम लगातार प्रौद्योगिकी का उपयोग कर इंडेन ग्राहकों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं की पेशकश कर रहे हैं।’’
देश भर में गैस सिलेंडर भराने की बुकिंग और चुनिंदा बाजारों में नए कनेक्शन के लिए मिस्ड कॉल की सुविधा जनवरी 2021 में शुरू की गई थी।
इस पहल से ग्राहकों के लिए समय की बचत होगी और नए कनेक्शन के लिये पंजीकरण करना सरल तथा बिना किसी खर्च के होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘इससे खासकर बुजुर्ग ग्राहकों और गांव में रहने वाले लोगों को लाभ होगा।’’
ग्राहक भारत बिल भुगतान प्रणाली (बीबीपीएस), इंडियन ऑयल वन ऐप या पोर्टल https://cx.indianoil.in के माध्यम से एलपीजी भराने के लिए बुकिंग और भुगतान कर सकते हैं।
बयान के अनुसार ग्राहक व्हाट्सऐप (7588888824), एसएमएस/आईवीआरएस (7718955555), या यहां तक कि एलेक्सा के माध्यम से अमेजन और पेटीएम के जरिये भी गैस भराने की बुकिंग और भुगतान कर सकते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 09, 2021 07:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

