जरुरी जानकारी | इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश फरवरी मे 26 प्रतिशत घटकर 29,303 करोड़ रुपये पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. शेयर बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के बीच स्मॉलकैप एवं मिडकैप योजनाओं में निवेश घटने से फरवरी के दौरान म्यूचुअल फंड योजनाओं में प्रवाह 26 प्रतिशत गिरकर 29,303 करोड़ रुपये रह गया। उद्योग निकाय एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) ने बुधवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 12 मार्च शेयर बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के बीच स्मॉलकैप एवं मिडकैप योजनाओं में निवेश घटने से फरवरी के दौरान म्यूचुअल फंड योजनाओं में प्रवाह 26 प्रतिशत गिरकर 29,303 करोड़ रुपये रह गया। उद्योग निकाय एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) ने बुधवार को यह जानकारी दी।
इक्विटी फंड के निवेश में गिरावट का यह लगातार दूसरा महीना है। हालांकि, लगातार 47वें महीने म्यूचुअल फंड योजनाओं में शुद्ध प्रवाह सकारात्मक बना रहा है।
एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, इक्विटी में निवेश करने वाली म्यूचुअल फंड योजनाओं में पिछले महीने 29,303 करोड़ रुपये का प्रवाह देखा गया, जो जनवरी में दर्ज 39,688 करोड़ रुपये और दिसंबर, 2024 में दर्ज 41,156 करोड़ रुपये के मुकाबले काफी कम है।
इस तीव्र गिरावट की मुख्य वजह मिडकैप और स्मॉल-कैप कोष में होने वाले निवेश में आई कटौती रही। यह फरवरी में क्रमशः 3,406 करोड़ रुपये और 3,722 करोड़ रुपये रहा, जबकि जनवरी में यह क्रमश: 5,147 करोड़ रुपये और 5,720 करोड़ रुपये था।
लार्जकैप फंड में कुल निवेश भी हल्की गिरावट के साथ 2,866 करोड़ रुपये रहा जो जनवरी में 3,063 करोड़ रुपये था।
इक्विटी श्रेणियों में क्षेत्र या विषयवस्तु आधारित फंड में सबसे अधिक 5,711 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश हुआ, जिसके बाद फ्लेक्सी कैप फंड में 5,104 करोड़ रुपये का निवेश हुआ।
इक्विटी के अलावा गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) में निवेश भी घटकर 1,980 करोड़ रुपये रहा जबकि जनवरी में यह 3,751 करोड़ रुपये था।
हालांकि, बॉन्ड-आधारित डेट फंड में फरवरी के दौरान 6,525 करोड़ रुपये की निकासी दर्ज की गई जबकि जनवरी में इसमें 1.28 लाख करोड़ रुपये का निवेश आया था।
कुल मिलाकर, म्यूचुअल फंड ने समीक्षाधीन महीने में 40,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित किया जबकि जनवरी में 1.87 लाख करोड़ रुपये का बड़ा निवेश आया था।
इस गिरावट की वजह से म्यूचुअल फंड कंपनियों के प्रबंधन के तहत कुल परिसंपत्तियां फरवरी के अंत में 64.53 लाख करोड़ रुपये रह गईं, जबकि जनवरी में यह 67.25 लाख करोड़ रुपये थीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 12, 2025 03:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

