एजेंसी न्यूज

लॉकडाउन के दौरान फिटनेस बनाए रखने के लिए सघन अभ्यास अहम: आर्केल

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्य 25 मार्च को लॉकडाउन शुरू होने के बाद से भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के दक्षिण केंद्र में अपने कमरों तक सीमित रह गए हैं।

लॉकडाउन के दौरान फिटनेस बनाए रखने के लिए सघन अभ्यास अहम: आर्केल

बेंगलुरू, 11 मई भारतीय हॉकी टीम के वैज्ञानिक सलाहकार रोबिन आर्केल का कहना है कि कोरोना वायरस के कारण लागू राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के दौरान पुरुष हॉकी खिलाड़ियों को फिट रखने के लिए सघन अभ्यास महत्वपूर्ण है।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्य 25 मार्च को लॉकडाउन शुरू होने के बाद से भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के दक्षिण केंद्र में अपने कमरों तक सीमित रह गए हैं।

इस पूरे समय के दौरान आर्केल लगातार टीम के साथ रहे और मैदानी गतिविधियां नहीं होने की स्थिति में उन्हें फिट रहने के लिए स्वत: की जाने वाली ट्रेनिंग ड्रिल सिखाई।

भारतीय टीम के गोलकीपर कृष्ण बी पाठक के साथ इंस्टाग्राम पर लाइव वर्कआउट सत्र के दौरान दक्षिण अफ्रीका के ट्रेनर आर्केल ने कहा, ‘‘जहां तक समय का सवाल है तो मैंने फिटनेस कार्यक्रम को छोटा रखने का प्रयास किया लेकिन मैंने सुनिश्चित किया कि खिलाड़ी सघन अभ्यास करें।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अभी फिटनेस कार्यक्रम में थोड़ी राहत दी गई है क्योंकि खिलाड़ी मुकाबलों में नहीं खेल रहे। मुझे लगता है कि पूरे दिन शरीर में पानी की कमी नहीं होने देना और संतुलित आहार लेना भी महत्वपूर्ण है।’’

आसानी से सारी एक्सरसाइज करने वाले पाठक ने कहा कि वह ‘छोटे और अच्छे’ ट्रेनिंग सत्र का लुत्फ उठा रहे हैं।

पाठक ने कहा, ‘‘इंस्टाग्राम लाइव पर फिटनेस ड्रिल करना शानदार था। मुझे उम्मीद है कि प्रशंसकों ने इसका लुत्फ उठाया होगा और वे हमारी कुछ एक्सरसाइज करने के लिए प्रेरित होंगे। रोबिन ने आज के लिए छाटे और अच्छे वर्कआउट की योजना बनाई थी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 11, 2020 07:55 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).