देश की खबरें | राजस्थान के मंत्री के बेटे पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला पर स्याही फेंकी गयी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के मंत्री महेश जोशी के बेटे रोहित जोशी पर बलात्कार का आरोप लगाने वाली 23 वर्षीय महिला पर दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में कालिंदी कुंज रोड के पास कथित तौर पर नीली स्याही फेंकी गयी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 12 जून राजस्थान के मंत्री महेश जोशी के बेटे रोहित जोशी पर बलात्कार का आरोप लगाने वाली 23 वर्षीय महिला पर दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में कालिंदी कुंज रोड के पास कथित तौर पर नीली स्याही फेंकी गयी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक यह हमला शनिवार को उस वक्त हुआ जब महिला और उसकी मां किसी काम से जयपुर से दिल्ली आए थे। पुलिस ने इस सिलसिले में महिला की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली की पुलिस उपायुक्त ईशा पांडे ने कहा कि कुछ बदमाशों द्वारा एक महिला पर तरल पदार्थ फेंके जाने और भाग जाने के मामले में पुलिस को एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी।

पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह नीले रंग का एक तरल पदार्थ था और स्याही जैसा दिखता था।

पीड़िता के बयान के मुताबिक जब वह शनिवार को कालिंदी कुंज रोड के पास अपनी मां के साथ जा रही थी, तभी एक ऑटो रिक्शा में सवार दो लोगों ने उस पर कुछ फेंका और वहां से भाग गए।

पुलिस उपायुक्त ईशा पांडे के मुताबिक अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के (एम्स) के ट्रॉमा सेंटर में पीड़ित महिला के स्वास्थ्य की पूरी जांच की गयी।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने कहा, ‘‘नीले रंग का तरल पदार्थ प्रथम दृष्टया स्याही की तरह दिखता है। इस सिलसिले में शाहीन बाग थाने में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 195- ए, 506 , 323 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है।’’

डीसीपी ने कहा कि पुलिस अपराधियों की पहचान करने और घटनाओं के क्रम का पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की तलाश कर रही है।

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने इस पूरे मामले पर रविवार को कहा कि वह महिला पर हमले के लिए प्राथमिकी दर्ज करने के लिए दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी करेंगी। उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर अपनी सरकार के मंत्री के बेटे को बचाने का भी आरोप लगाया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now