एजेंसी न्यूज

National Games: राष्ट्रीय खेलों में हिस्सा नहीं लेंगी चोटिल सिंधू, उद्घाटन समारोह के दौरा रहेंगी मौजूद

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू राष्ट्रीय खेलों में हिस्सा नहीं लेंगी क्योंकि वह टखने की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाई हैं। यह दिग्गज खिलाड़ी हालांकि उद्घाटन समारोह में मौजूद रहेगी।

National Games: राष्ट्रीय खेलों में हिस्सा नहीं लेंगी चोटिल सिंधू, उद्घाटन समारोह के दौरा  रहेंगी मौजूद
बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु (Photo Credits: Twitter)

हैदराबाद, 24 सितंबर दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू राष्ट्रीय खेलों में हिस्सा नहीं लेंगी क्योंकि वह टखने की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाई हैं. यह दिग्गज खिलाड़ी हालांकि उद्घाटन समारोह में मौजूद रहेगी. बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान टखने में चोट लगा बैठी सिंधू 29 सितंबर को अन्य स्टार खिलाड़ियों के साथ उद्घाटन समारोह के लिए गुजरात में मौजूद रहेंगी.

सूरत में दो अक्टूबर से बैडमिंटन की स्पर्धाएं शुरू होंगी. यह भी पढ़ें: अंतर्राष्ट्रीय मैत्री मैचों में जीते ब्राजील और अर्जेंटीना

सिंधू ने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मैं चोट के कारण खेलों में प्रतिस्पर्धा पेश नहीं कर पा रही हूं. अगर मैं फिट होती तो निश्चित रूप से अपने राज्य (तेलंगाना) का प्रतिनिधित्व करती.’’

उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रीय खेल सभी खिलाड़ियों के लिए एक शानदार अवसर है और मैंने जिस किसी से भी बात की है वह इसे लेकर उत्साहित है. मुझे यकीन है कि बैडमिंटन मुकाबले बहुत रोमांचक होंगे।’’

रियो ओलंपिक 2016 में रजत पदक और तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता सिंधू भारत की शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी हैं.

सिंधू ने कहा, ‘‘यह महत्वपूर्ण है कि मैं अपना ख्याल रखूं और 2023 (एशियाई खेलों) और 2024 (पेरिस ओलंपिक) में आने वाली चुनौतियों पर ध्यान केंद्रित करूं.’’ स्वयं अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी रहे सिंधू के पिता पीवी रमना ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वह राष्ट्रीय खेलों में प्रतिस्पर्धा नहीं कर पाएगी.

उन्होंने कहा, ‘‘वह प्रतिस्पर्धा करने के लिए बहुत उत्सुक थी। दुर्भाग्य से वह ऐसा नहीं कर सकती क्योंकि उसका एमआरआई और चिकित्सकों के साथ अगली समीक्षा अक्टूबर के पहले सप्ताह में होगी.’’ सिंधू के बाएं टखने पर लगी चोट को स्ट्रेस फ्रैक्चर बताया गया है.

रमना ने कहा, ‘‘मैं उसके रिहैबिलिटेशन कार्यक्रम का हिस्सा बनूंगा। वॉलीबॉल खिलाड़ी होने के नाते मुझे पता है कि पैरों पर अधिक बोझ डालने से क्या होता है. मैं सिंधू जब प्रशिक्षण शुरू करेगी तो मैं उसे अपने अनुभव के बारे में बताऊंगा.’’

सिंधू हाल ही में विश्व चैंपियनशिप में भी भाग नहीं ले सकीं क्योंकि वह आराम कर रही थीं. हैदराबाद में हड्डी रोग विशेषज्ञों के साथ परामर्श के बाद उन्हें और आराम करने की सलाह दी गई है.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 24, 2022 07:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).