देश की खबरें | गांव के विकास के लिए प्रधान का चुनाव हारे व्यक्ति को भी आगे लाने की पहल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गांव के विकास में प्रधानी का चुनाव हारने वाले उम्मीदवार को भी भागीदार बनाने की अनोखी पहल करते हुए पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. अजय शंकर पांडेय ने सोमवार को उरुवा ब्लाक में ‘सद्भावना ग्राम योजना’ की शुरुआत की।
प्रयागराज, पांच जून गांव के विकास में प्रधानी का चुनाव हारने वाले उम्मीदवार को भी भागीदार बनाने की अनोखी पहल करते हुए पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. अजय शंकर पांडेय ने सोमवार को उरुवा ब्लाक में ‘सद्भावना ग्राम योजना’ की शुरुआत की।
मूल रूप से प्रयागराज के रहने वाले पांडेय ने बताया कि ऐसा पहली बार है कि प्रधान के चुनाव में निर्वाचित और पराजित रहने वाले व्यक्ति गांव के विकास के लिए एक साथ आए हैं।
जिला प्रशासन के सहयोग से सद्भावना ग्राम योजना के अंतर्गत निर्वाचित प्रधान को कुशल प्रधान और पराजित प्रधान को विकास सलाहकार की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य प्रतिस्पर्धा की भावना खत्म कर परस्पर सहयोग की भावना पैदा करना है जिससे गांव के विकास में प्रतिद्वंद्विता बाधा ना बने। सद्भावना ग्राम योजना के तहत आने वाले गांव के विकास कार्यों को प्रशासनिक स्तर पर प्राथमिकता दी जाएगी।
पांडेय ने बताया कि इस योजना का क्रियान्वयन तीन चरणों में किया जाएगा जिसमें प्रथम चरण में निर्वाचित प्रधान के साथ बैठक की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में पराजित प्रधान के साथ बैठक की जाएगी।
वहीं अंतिम चरण में निर्वाचित और पराजित प्रधान के साथ बैठक कर विकास की रूपरेखा तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना से प्रधान के चुनाव में पराजित व्यक्ति के मन से वैमनस्य की भावना हटेगी और भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगेगा, क्योंकि यह योजनाओं के क्रियान्वयन में खामियों को उजागर करेगा।
इस अवसर पर, मेजा के उपजिलाधिकारी अभिनव कन्नौजिया, उरुवा के बीडीओ दिनेश सिंह, एडीपीओ सुदामा राम, निब्बी की प्रधान गुड़िया, समोगरा के प्रधान अनिल कुमार दुबे, रैपुरा की प्रधान अनीता देवी, तरवाई के प्रधान विमत चंद, बरबह के प्रधान लाल भारती आदि उपस्थित रहे।
इससे पूर्व डॉ. पांडेय ने गाजियाबाद, जालौन, ललितपुर और झांसी में सद्भावना ग्राम योजना को क्रियान्वित किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)