एजेंसी न्यूज

ताजा खबरें | राज्यसभा में महंगाई, जीएसटी पर विपक्ष का हंगामा, कार्यवाही तीन बजे तक के लिए स्थगित

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. महंगाई और कुछ आवश्यक वस्तुओं पर माल और सेवा कर (जीएसटी) लगाए जाने के मुद्दों पर तत्काल चर्चा कराने की मांग को लेकर सोमवार को विपक्षी सदस्यों ने राज्यसभा में जोरदार हंगामा किया, जिसकी वजह से उच्च सदन की कार्यवाही आरंभ होने के 15 मिनट के भीतर ही अपराह्न तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

ताजा खबरें | राज्यसभा में महंगाई, जीएसटी पर विपक्ष का हंगामा, कार्यवाही तीन बजे तक के लिए स्थगित

नयी दिल्ली, 25 जुलाई महंगाई और कुछ आवश्यक वस्तुओं पर माल और सेवा कर (जीएसटी) लगाए जाने के मुद्दों पर तत्काल चर्चा कराने की मांग को लेकर सोमवार को विपक्षी सदस्यों ने राज्यसभा में जोरदार हंगामा किया, जिसकी वजह से उच्च सदन की कार्यवाही आरंभ होने के 15 मिनट के भीतर ही अपराह्न तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

दोपहर दो बजे सदन की कार्यवाही आरंभ होते ही मनोनीत सदस्य इलैया राजा ने राज्यसभा की सदस्यता की शपथ ली और उसके बाद उपसभापति हरिवंश ने पूरे सदन की ओर से ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा को विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भाला फेंक स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर बधाई दी।

इसके बाद उपसभापति ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए और सदन को बताया कि आम आदमी पार्टी के संजय सिंह ने नियम 267 के तहत दिल्ली सरकार के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो और प्रवर्तन निदेशालय के दुरुपयोग के मुद्दे पर जबकि विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस के के सी वेणुगोपाल, तृणमूल कांग्रेस के डेरेक ओब्रयान और शांतनु सेन ने महंगाई और जीएसटी से जुड़े विषयों पर नोटिस दिया है लेकिन सभापति ने इन्हें अस्वीकार कर दिया है।

उपसभापति ने इसके बाद अविलंबनीय लोक महत्व के विषय के तहत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की सदस्य फौजिया खान को ‘‘कोविड-19 के पश्चात स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से उत्पन्न स्थिति’’ का मुद्दा उठाने का मौका दिया। किंतु राकांपा सदस्य ने महंगाई के विषय पर बोलना आरंभ कर दिया।

हरिवंश ने खान से कहा कि उन्हें अपने विषय पर ही बोलना है।

इसके बाद विपक्षी दलों ने हंगामा आरंभ दिया।

विपक्ष के नेता खड़गे ने कहा कि विपक्षी सदस्य पिछले छह दिनों से महंगाई के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग कर रहे हैं और इसके लिए नियम 267 के तहत नोटिस दिए थे लेकिन सरकार नियम 176 के तहत चर्चा कराना चाहती है।

उन्होंने उपसभापति से आग्रह किया कि वे निष्पक्ष होकर सत्ता पक्ष और विपक्ष को एक ही तराजू पर तौलें।

इस पर आपत्ति जताते हुए हरिवंश ने कहा कि वे आसन पर किसी प्रकार का आक्षेप नहीं लगा सकते।

इसके बाद सदन के नेता पीयूष गोयल ने कहा कि सरकार महंगाई और जीएसटी सहित सभी मुद्दों पर चर्चा कराने को तैयार है लेकिन वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कोविड-19 से संक्रमित हैं।

उन्होंने कहा कि उनके स्वस्थ ही सदन में महंगाई पर चर्चा कराई जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘एक बार वह (सीतारमण) ठीक हो जाएं तो वह भी चर्चा में भाग ले सकेंगी और विस्तार से चर्चा सुनने के बाद गंभीरता से जवाब देना चाहती हैं।’’

उन्होंने विपक्षी दलों पर चर्चा से भागने का आरोप भी लगाया।

इस बीच, विपक्षी दलों ने हंगामा तेज कर दिया।

उपसभापति ने हंगामा कर रहे सदस्यों से बार-बार अनुरोध किया कि विशेष उल्लेख के जरिए एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया जाना है और वे इस विषय पर चर्चा कराने दें।

हालांकि हंगामा कर रहे सदस्यों ने उनकी एक ना सुनी।

इसके बाद उन्होंने 14 बज कर 14 मिनट पर सदन की कार्यवाही अपराह्न तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

सोमवार को नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के शपथ ग्रहण समारोह के कारण उच्च सदन की बैठक दोपहर दो बजे शुरू हुई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 25, 2022 02:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).