जरुरी जानकारी | मुद्रास्फीति के आंकड़ों, वैश्विक रुख से तय होगी बाजार की दिशा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. शेयर बाजारों की दिशा इस सप्ताह मुद्रास्फीति के आंकड़ों तथा वैश्विक रुख से तय होगी। विश्लेषकों ने यह राय जताई है।
नयी दिल्ली, 12 सितंबर शेयर बाजारों की दिशा इस सप्ताह मुद्रास्फीति के आंकड़ों तथा वैश्विक रुख से तय होगी। विश्लेषकों ने यह राय जताई है।
विश्लेषकों ने कहा कि बाजार की कुल धारणा सकारात्मक है। इसे बेहतर आर्थिक आंकड़ों तथा कंपनियों के तिमाही नतीजों से समर्थन मिला है। हालांकि, ऊंचे मूल्यांकन के बीच बाजार में कुछ मुनाफावसूली भी देखने को मिल सकती है।
बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 175.12 अंक या 0.30 प्रतिशत के लाभ में रहा।
स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट के शोध प्रमुख संतोष मीणा ने कहा, ‘‘वैश्विक संकेतक हमारे बाजार के व्यवहार को प्रभावित करते रहेंगे। इस सप्ताह चीन के औद्योगिक उत्पादन तथा अमेरिका की मुद्रास्फीति जैसे कुछ वृहद आर्थिक आंकड़े आने हैं। घरेलू मोर्चे पर 14 सितंबर को अगस्त माह की थोक मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति के आंकड़े आने हैं।’’
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के खुदरा शोध प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा कि डेल्टा वैरिएंट के मामले बढ़ रहे हैं। इसके चलते आर्थिक सुस्ती की आशंका बन रही है। ऐसे में निवेशकों की निगाह वैश्विक संकेतकों पर रहेगी।
उन्होंने कहा कि मूल्यांकन भी संतोषजनक स्तर को पार कर चुका है। ऐसे में बाजार में उतार-चढ़ाव तथा मुनाफावसूली देखने को मिल सकती है। हालांकि, बाजार की कुल धारणा सकारात्मक है।
बाजार को डॉलर के मुकाबले रुपये की चाल, ब्रेंट कच्चे तेल के दाम तथा विदेशी निवेशकों के रुख से भी दिशा मिलेगी।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘इस सप्ताह बाजार की दृष्टि से मुद्रास्फीति का आंकड़ा महत्वपूर्ण होगा।’’
सैमको सिक्योरिटीज के एक नोट में कहा गया है कि बाजार में जोरदार तेजी है। ऐसे में इस सप्ताह कुछ ‘रुकावट’ भी देखने को मिल सकती है।
नायर ने कहा कि भारतीय बाजार 30 अगस्त से तीन सितंबर के सप्ताह के दौरान दर्ज तेजी के सिलसिले को कायम नहीं रख सके। कमजोर वैश्विक रुख से बाजार में उतार-चढ़ाव रहा।
रिलायंस सिक्योरिटीज के रणनीति प्रमुख विनोद मोदी ने कहा कि रिकॉर्ड उच्चस्तर के बाद घरेलू बाजारों में कुछ ‘थकान’ देखने को मिल रही है।
अजय
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 12, 2021 10:30 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

