देश की खबरें | इंदौर नगर निगम के अधिकारी ने कांग्रेस विधायक पर लगाया बदसलूकी का आरोप
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. इंदौर नगर निगम के एक अधिकारी ने बुधवार को आरोप लगाया कि स्थानीय कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने डेंगू के खिलाफ जारी अभियान के दौरान उनसे और उनके दल के कर्मचारियों से सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज और बदसलूकी की।
इंदौर (मप्र),15 सितंबर इंदौर नगर निगम के एक अधिकारी ने बुधवार को आरोप लगाया कि स्थानीय कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने डेंगू के खिलाफ जारी अभियान के दौरान उनसे और उनके दल के कर्मचारियों से सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज और बदसलूकी की।
विवाद के तूल पकड़ने पर यह अधिकारी पुलिस थाने भी पहुंचा लेकिन कांग्रेस विधायक पर प्राथमिकी दर्ज कराने से ऐन मौके पर पीछे हट गया, जिसके बाद सत्तारूढ़ भाजपा के एक नेता ने अधिकारी के खिलाफ नाराजगी जताई।
नगर निगम अधिकारी और स्थानीय चिड़ियाघर के प्रभारी उत्तम यादव ने संवाददाताओं से कहा, ''डेंगू उन्मूलन के लिए काम कर रहे मेरे दल, खासकर मुझसे विधायक पटवारी ने बुरी तरह बदसलूकी की और गालियां दीं। किसी भी जन प्रतिनिधि को सरकारी कर्मचारियों के साथ ऐसे बर्ताव का कोई अधिकार नहीं है।''
उधर, पटवारी ने नगर निगम अधिकारी के इस आरोप पर कोई सीधी टिप्पणी नहीं की। हालांकि, नाराजगी जताते हुए कहा कि निगम का डेंगू उन्मूलन दल मच्छरों और उनके लार्वा के खिलाफ दवाओं के छिड़काव के अभियान के "उद्घाटन" के लिए भाजपा नेताओं का इंतजार कर रहा था।
शहर पुलिस अधीक्षक बी पी एस परिहार ने बताया, ''नगर निगम अधिकारी यादव ने राजेंद्र नगर पुलिस थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया है कि वह संबंधित विवाद को लेकर पटवारी के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते।''
राजेंद्र नगर थाने में संवाददाताओं ने जब यादव से उनके इस आवेदन का सबब पूछा तो उन्होंने ज्यादा बातचीत से बचते हुए कहा, ''सारा मसला निपट गया है। अब इस बारे में नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल ही जानकारी दे सकेंगी।''
यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण यादव के रिश्तेदार हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)