खेल की खबरें | इंडोनेशिया मास्टर्स: सेन और साइना दूसरे दौर में, प्रणय बाहर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी एचएस प्रणय को पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा लेकिन उनके हमवतन लक्ष्य सेन और साइना नेहवाल ने बुधवार को यहां इंडोनेशिया मास्टर्स सुपर 500 टूर्नामेंट में विपरीत अंदाज में जीत दर्ज करते हुए क्रमश: पुरूष और महिला एकल स्पर्धा के दूसरे दौर में प्रवेश किया।
जकार्ता, 25 जनवरी भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी एचएस प्रणय को पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा लेकिन उनके हमवतन लक्ष्य सेन और साइना नेहवाल ने बुधवार को यहां इंडोनेशिया मास्टर्स सुपर 500 टूर्नामेंट में विपरीत अंदाज में जीत दर्ज करते हुए क्रमश: पुरूष और महिला एकल स्पर्धा के दूसरे दौर में प्रवेश किया।
दुनिया के 12वें नंबर के खिलाड़ी सेन ने टूर्नामेंट के अपने शुरूआती मैच में जापान के कोडाई नाराओका को 21-12 21-11 से हराकर शानदार प्रदर्शन किया। इस नये सत्र में हालांकि सेन की शुरूआत अच्छी नहीं रही है क्योंकि पिछले दो हफ्तों में वह मलेशिया और इंडिया ओपन में शुरू में बाहर हो गये थे।
इंडिया ओपन के दूसरे दौर तक पहुंची साइना ने चीनी ताइपे की पाई यु पो पर 21-15 17-21 21-15 की जीत से प्री क्वार्टरफाइनल में जगह बनायी।
सातवें वरीय सेन का सामना अब मलेशिया के निग जे योंग से होगा जबकि साइना की टक्कर चीन की आठवीं वरीय हान युइ से होगी।
दुनिया के नौवें नंबर के खिलाड़ी प्रणय को लगातार दूसरे टूर्नामेंट में पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें जापान के केंटा सुनेयामा के खिलाफ 19-21 10-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी। वह मलेशिया सुपर 1000 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचे थे लेकिन पिछले हफ्ते इंडिया ओपन के पहले दौर में हार गए थे।
दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत फिर बढ़त गंवाकर मैच गंवा बैठे। उन्हें 39 मिनट में 10-21 22-24 से हार मिली।
क्वालीफायर के जरिए मुख्य ड्रॉ में जगह बनाने वाले प्रियांशु राजावत को इंडोनेशिया के चिको ऑरा ड्वारडोयो के खिलाफ 21-18 18-21 18-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी।
महिला एकल में मालविका बंसोड़ को एकतरफा मुकाबले में थाईलैंड की पांचवीं वरीय रतचानोक इंतानोन के हाथों 15-21 13-21 से हार का सामना करना पड़ा जबकि आकर्षी कश्यप को स्पेन की क्लारा अजुरमेंदी के हाथों 17-21 15-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी।
मिश्रित युगल में इशान भटनागर और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी को पहले दौर में थोम गिक्वेल और डेलफाइनल डेलरुए की फ्रांच की तीसरी वरीय जोड़ी ने 21-16 21-15 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया।
रोहन कपूर और एन सिक्की रेड्डी को भी जाफर हिदायतुल्लाह और ऐश्या सालसाबिला पुत्री प्रानाता की इंडोनेशिया की जोड़ी के हाथों 21-12 21-23 16-21 से शिकस्त का सामना करना पड़ा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 25, 2023 10:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

