छोटे समूहों में व्यक्तिगत अभ्यास की अनुमति मिले, हॉकी खिलाड़ियों का खेलमंत्री को सुझाव
पिछले डेढ महीने से कोरोना वायरस महामारी के कारण लागू लॉकडाउन के चलते भारतीय महिला और पुरूष हॉकी टीमें बेंगलुरू के भारतीय खेल प्राधिकरण केद्र पर हैं । उन्होंने संकेत दिया कि वे खेलमंत्री को सलाह देंगे कि छोटे समूहों में अभ्यास की अनुमति दी जाये ।
नयी दिल्ली, 13 मई खिलाड़ियों को आउटडोर अभ्यास की बहाली की अनुमति मिलने के बाद व्यक्तिगत तकनीक को तराशने और छोटे समूहों में अभ्यास का चलन भारतीय हॉकी में देखने को मिल सकता है ।
पिछले डेढ महीने से कोरोना वायरस महामारी के कारण लागू लॉकडाउन के चलते भारतीय महिला और पुरूष हॉकी टीमें बेंगलुरू के भारतीय खेल प्राधिकरण केद्र पर हैं । उन्होंने संकेत दिया कि वे खेलमंत्री को सलाह देंगे कि छोटे समूहों में अभ्यास की अनुमति दी जाये ।
रीजीजू भारतीय हॉकी खिलाड़ियों से कल आनलाइन बात करेंगे ।
भारतीय पुरूष हॉकी टीम के एक सीनियर सदस्य ने कहा ,‘‘यह अभूतपूर्व परिस्थिति है और हमने जीवन में कभी ऐसा नहीं देखा । हम अपने कमरों में सिमटे हुए हैं लेकिन अच्छी बात यह है कि यहां सारी सुविधायें हैं तो फिटनेस बनाये रखने की समस्या नहीं है ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ हमारी कल खेलमंत्री से आनलाइन बैठक है जिसमें हम सुझााव देंगे कि व्यक्तिगत तकनीक, गोल करने के कौशल और थ्री डी कौशल के लिये मैदान पर अभ्यास की अनुमति दी जाये । हम पांच के समूह में अभ्यास कर सकते हैं क्योंकि यहां मैदान बहुत बड़ा है और इसमें सामाजिक दूरी के नियम का पालन आराम से हो जायेगा ।’’’
महिला टीम की एक सदस्य ने कहा कि तोक्यो ओलंपिक में अभी एक साल है तो धीरे धीरे अभ्यास शुरू किया जा सकता है ।’’
उन्होंने कहा,‘‘हम लंबे समय से मैदान से दूर हैं और अभ्यास की कमी खल रही है ।’’
देश मे लॉकडाउन का तीसरा चरण चल रहा है जो 17 मई को खत्म होगा लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को चौथे चरण का भी ऐलान कर दिया जिसके नये नियम होंगे जो बाद में पता चलेंगे ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 13, 2020 04:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

