देश की खबरें | तेल के क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता का बड़ा श्रेय केडी मालवीय को : कैप्टन बंशीधर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में शुक्रवार को मशहूर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और भारत सरकार के पूर्व पेट्रोलियम मंत्री पंडित केशव देव मालवीय की 119वीं जयंती मनायी गयी।
लखनऊ, 11 अगस्त उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में शुक्रवार को मशहूर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और भारत सरकार के पूर्व पेट्रोलियम मंत्री पंडित केशव देव मालवीय की 119वीं जयंती मनायी गयी।
उप्र कांग्रेस मुख्यालय से शुक्रवार को जारी बयान के अनुसार भारतीय पेट्रोलियम उद्योग के जनक, मशहूर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और भारत सरकार के पूर्व पेट्रोलियम मंत्री पंडित केशव देव मालवीय की 119वीं जयंती के अवसर पर कांग्रेस के फ्रंटल संगठन इंडियन ओवरसीज कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कैप्टन बंशीधर मिश्र के नेतृत्व में आयोजित समारोह में मालवीय के जीवनवृत्त पर वक्ताओं द्वारा प्रकाश डाला गया।
कैप्टन बंशीधर मिश्र ने कहा, ''देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के सानिध्य में राजनीति का ककहरा सीखने वाले मालवीय जी यह बात अच्छी तरह जानते थे कि आर्थिक स्वावलंबन में पेट्रोलियम का बहुत महत्व है, इसलिए उन्होंने अपना पूरा ध्यान तेल के शोध और खोज पर ही केन्द्रित किया।''
उन्होंने कहा, ''आज तेल के क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर है लेकिन आज जो कुछ भी हासिल है, उसका सबसे बड़ा श्रेय केडी मालवीय जी को ही जाता है।''
मिश्रा ने कहा, ‘‘आज जब देश में सांप्रदायिक ताकतें सिर उठाकर नफरत की दुकान खोलकर भाई-भाई को अलग करने में लगी हैं, तब मालवीय जी की विचारधारा बहुत प्रासंगिक हो जाती है।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘भविष्य की राजनीति में सिर्फ कांग्रेस और राहुल गांधी-प्रियंका गांधी के नेतृत्व में ही देश को सही दिशा मिल सकती है।’’
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के महासचिव (प्रभारी प्रशासन) दिनेश कुमार सिंह, उप्र कांग्रेस कमेटी विधि विभाग के चेयरमैन नितिन कुमार मिश्रा, विनोद मिश्रा आदि ने भी मालवीय जी के जीवन वृत्त पर प्रकाश डाला।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)