खेल की खबरें | भारत की जापान पर जोशीली जीत, क्वार्टर फाइनल में मुकाबला ग्रेट ब्रिटेन से

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. स्ट्राइकर गुरजंत सिंह के दो गोल की मदद से भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पूल ए के अपने आखिरी मैच में शुक्रवार को यहां मेजबान जापान को 5-3 से हराकर क्वार्टर फाइनल से पहले आत्मविश्वास बढ़ाने वाली जीत दर्ज की।

तोक्यो, 30 जुलाई स्ट्राइकर गुरजंत सिंह के दो गोल की मदद से भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पूल ए के अपने आखिरी मैच में शुक्रवार को यहां मेजबान जापान को 5-3 से हराकर क्वार्टर फाइनल से पहले आत्मविश्वास बढ़ाने वाली जीत दर्ज की।

भारत की तरफ से हरमनप्रीत सिंह (13वें), गुरजंत सिंह (17वें और 56वें), शमशेर सिंह (34वें) और नीलकांत शर्मा (51वें मिनट) ने गोल दागे। जापान की तरफ से केंता तनाका (19वें), कोता वतानबे (33वें) और काजुमा मुराता (59वें मिनट) ने गोल किये।

भारत पहले ही क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह सुरक्षित कर चुका था लेकिन इस जीत से वह बढ़े मनोबल के साथ अंतिम आठ के मुकाबले में उतरेगा। भारत ने पूल चरण में जापान के अलावा न्यूजीलैंड, स्पेन और अर्जेंटीना को हराया लेकिन आस्ट्रेलिया से उसे हार का सामना करना पड़ा था।

इस जीत से भारत पूल ए में पांच मैचों में चार जीत और एक हार से आस्ट्रेलिया के बाद दूसरे स्थान पर रहा। क्वार्टर फाइनल में उसका मुकाबला ग्रेट ब्रिटेन से होगा जो पूल बी में तीसरे स्थान पर रहा। क्वार्टर फाइनल रविवार को खेले जाएंगे।

आस्ट्रेलिया पूल ए चार जीत और एक ड्रा के साथ शीर्ष पर रहा। जापान की टीम केवल एक अंक हासिल कर पायी और पूल में सबसे निचले पायदान पर रही। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष चार टीमें अंतिम आठ में पहुंची हैं।

भारत के मुख्य कोच ग्राहम रीड ने मैच के बाद कहा, ‘‘हमने आज बेहतर खेल दिखाया। पहला क्वार्टर काफी अच्छा रहा। उनके गोल करने के बाद हम थोड़ी लय खो बैठे थे दूसरे हॉफ में हमने फिर से मैच पर नियंत्रण बनाया। कुल मिलाकर हमारा प्रदर्शन बेहतर रहा।’’

दोनों टीमों ने आक्रामक शुरुआत की और भारतीयों ने जापानी खिलाड़ियों की गति की बराबरी करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जापान ने गोल करने का पहला सार्थक प्रयास किया जब 11वें मिनट वे भारतीय सर्कल में घुसे लेकिन यह हमला नाकाम कर दिया गया।

भारतीयों ने पहले क्वार्टर के आखिरी क्षणों में हमलावर तेवर अपनाये। मनप्रीत सिंह और गुरजंत सिंह के प्रयासों से भारत ने पहला पेनल्टी कार्नर हासिल किया और हरमनप्रीत ने इस पर गोल करके 13वें मिनट में टीम को बढ़त दिला दी। तोक्यो ओलंपिक में इस ड्रैगफ्लिकर का यह चौथा गोल है।

भारत ने दूसरे क्वार्टर की शुरुआत भी आक्रामक रवैये के साथ की जिसका उसे तुरंत लाभ भी मिला। सिमरनजीत सिंह और गुरजंत गेंद को लेकर आगे बढ़े। इन दोनों के शानदार तालमेल के सामने जापानी रक्षापंक्ति की एक नहीं चली और गुरजंत ने सिमरनजीत के शॉट को गोल की तरफ मोड़कर स्कोर 2-0 कर दिया। लेकिन जापान चुप बैठने वाला नहीं था। उसने जवाबी हमला किया और भारतीय रक्षकों की गलती का फायदा उठाकर उसके स्टार स्ट्राइकर तनाका ने गोल दाग दिया। इसके बाद दोनों टीमों ने प्रयास किये।

दूसरे क्वार्टर में भारतीय रक्षापंक्ति कुछ ढीली दिखी, विशेषकर जवाबी हमलों में उसमें थोड़ा तालमेल का अभाव दिखा लेकिन सौभाग्य से जापान एक ही गोल कर पाया। आखिरी क्षणों में गोलकीपर पी आर श्रीजेश ने सुंदर बचाव करके भारत को मध्यांतर तक 2-1 से आगे रखा।

भारतीय रक्षकों ने तीसरे क्वार्टर के शुरू में जापान को बराबरी का मौका दे दिया। जापान के जवाबी हमले का भारतीयों के पास जवाब नहीं था और वतानबे ने गोल दाग दिया। भारत ने हालांकि जापान को उसी की रणनीति का कड़वा घूंट पिलाया जब जवाबी हमले में शमशेर सिंह ने नीलकांत शर्मा की मदद से गोल दागा।

वतानबे ने 38वें मिनट में फिर से बराबरी का गोल करने का प्रयास किया लेकिन उसे भारतीयों ने असफल कर दिया। भारत ने 42वें मिनट में पेनल्टी कार्नर हासिल किया लेकिन हरमनप्रीत का शॉट जापानी रक्षक की स्टिक से लगकर बाहर चला गया।

श्रीजेश ने 49वें मिनट में बेहतरीन बचाव करके अन्य रक्षकों की गलतियों पर पर्दा डाला। इसके बाद हरमनप्रीत ने जापानी सर्किल में मौजूद भारतीय फारवर्ड को गेंद बढ़ायी। नीलकांत और सुरेंदर कुमार ने अच्छा तालमेल दिखाया। नीलकांत गोल करके भारत की बढ़त मजबूत करने में सफल रहे।

भारत को 54वें मिनट में तीसरा पेनल्टी कार्नर मिला, लेकिन हरमनप्रीत का शॉट जापानी रक्षकों ने बचा दिया। इसके तुरंत बाद जापान को भी पहला पेनल्टी कार्नर मिला लेकिन श्रीजेश ने उसे उसका फायदा नहीं उठाने दिया।

भारत को 56वें मिनट में पेनल्टी कार्नर मिला। वरुण कुमार के बेहतरीन पास पर हरमनप्रीत ने शॉट लगाया और गुरजंत ने उसे गोल का रास्ता दिखाया। काजुमा मुराता ने तनाका की मदद से 59वें मिनट में जापान के लिये तीसरा गोल किया लेकिन इससे वह हार का अंतर ही कम कर पाये।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

IPL 2026 Points Table With Net Run-Rate (NRR): राजस्थान रॉयल्स से जीतकर सातवें पायदान पर पहुंची दिल्ली कैपिटल्स, टॉप तीन पर इन टीमों का कब्जा, देखें अपडेट पॉइंट्स टेबल

DC vs RR, IPL 2026 62nd Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से दी करारी शिकस्त, केएल राहुल और अभिषेक पोरेल ने खेली ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

CSK vs SRH, IPL 2026 63rd Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा चेन्नई सुपरकिंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

Central Railway: RPF ने चार महीने में 584 बच्चों और जरूरतमंद लोगों को परिवार से मिलाया, 25 यात्रियों की बचाई जान