विदेश की खबरें | न्यूयॉर्क सिटी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया भारत का स्वतंत्रता दिवस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. भारत के तिरंगे की छटा, समृद्ध भारतीय सांस्कृतिक विरासत और अमेरिका के साथ मजबूत द्विपक्षीय संबंधों की झलक न्यूयार्क सिटी में उस समय देखने को मिली जब यहां भारत का 78वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति की भावना और हर्षोल्लास साथ मनाया गया।
न्यूयार्क, 16 अगस्त भारत के तिरंगे की छटा, समृद्ध भारतीय सांस्कृतिक विरासत और अमेरिका के साथ मजबूत द्विपक्षीय संबंधों की झलक न्यूयार्क सिटी में उस समय देखने को मिली जब यहां भारत का 78वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति की भावना और हर्षोल्लास साथ मनाया गया।
भारत के स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार को शहरभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें भारत और अमेरिका के बीच मजबूत संबंधों के साथ-साथ भारत की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित किया गया।
न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूतावास, संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन, टाइम्स स्क्वायर और लोअर मैनहट्टन में भारतीय प्रवासियों तथा शहर के अधिकारियों की उपस्थिति में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किए गए।
लातिन अमेरिका की यात्रा से पहले शहर में ही मौजूद विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने वाणिज्य दूतावास और टाइम्स स्क्वायर में आयोजित ध्वजारोहण समारोह में प्रवासी समुदाय के सदस्यों को संबोधित किया।
अग्रणी प्रवासी संगठन ‘फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन’ (एफआईए) ने न्यूयॉर्क सिटी के प्रमुख स्थल टाइम्स स्क्वायर पर स्वतंत्रता दिवस पर एक विशेष समारोह आयोजित किया। इस दौरान यहां हर तरफ भारत का तिरंगा लहराया, देशभक्ति के गीत गूंजे और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया गया।
मार्गेरिटा ने प्रवासी समुदाय के सदस्यों से कहा कि ‘‘जैसा कि मैं पहली बार अमेरिकी धरती पर आपको संबोधित कर रहा हूं, तो मैं हमारे दो महान देशों के बीच गहरे संबंध को देखकर काफी खुश हूं।’’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश को दोहराते हुए मार्गेरिटा ने कहा कि विश्व के दो सबसे बड़े लोकतंत्र और अर्थव्यवस्था वाले देश भारत और अमेरिका के बीच एक ऐसा रिश्ता है जो राजनयिक संबंधों से कहीं आगे है।
उन्होंने कहा, ‘‘इन संबंधों का आधार साझा मूल्य, समान आकांक्षाएं तथा स्वतंत्रता, लोकतंत्र और मानव समानता के प्रति प्रतिबद्धता है।’’
भारतीय समुदाय को देश की संस्कृति, मूल्यों और लोकाचार का ‘‘राजदूत’’ बताते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिका में प्रवासी समुदाय ‘‘दोनों देशों के बीच एक जीवंत सेतु के रूप में खड़ा है’’।
मार्गेरिटा ने कहा, ‘‘जब हम भविष्य की ओर देखते हैं तो भारत-अमेरिका साझेदारी में अपार संभावनाएं नजर आती हैं। हमारी साझेदारी की संभावना केवल हमारी कल्पना और लक्ष्य प्राप्ति की इच्छाशक्ति तक ही सीमित है।’’
संयुक्त राष्ट्र में भारत के उप स्थायी प्रतिनिधि और प्रभारी राजदूत आर रविन्द्र ने भारत के स्थायी मिशन में आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जिसमें प्रवासी समुदाय के सदस्य, संयुक्त राष्ट्र में कार्यरत भारतीय और मिशन परिवार के सदस्य शामिल हुए।
लोअर मैनहट्टन में आयोजित ध्वजारोहण समारोह में न्यूयॉर्क सिटी के मेयर एरिक एडम्स ने न्यूयॉर्क शहर को ‘‘अमेरिका की नयी दिल्ली’’ बताया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 16, 2024 01:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

