खेल की खबरें | भारत की चार गुणा 400 मीटर पुरुष रिले टीम एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल में
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. रिंस जोसेफ, धर्मवीर चौधरी, मनु थेक्किनालिल साजी और मोहित कुमार की भारत की चार गुणा 400 मीटर पुरुष रिले टीम ने बृहस्पतिवार को यहां 26वीं एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल में प्रवेश किया।
गुमी (दक्षिण कोरिया), 29 मई रिंस जोसेफ, धर्मवीर चौधरी, मनु थेक्किनालिल साजी और मोहित कुमार की भारत की चार गुणा 400 मीटर पुरुष रिले टीम ने बृहस्पतिवार को यहां 26वीं एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल में प्रवेश किया।
भारतीय चौकड़ी ने तीन मिनट 6.28 सेकेंड का अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए अपनी हीट (शुरुआती दौर की रेस)में शीर्ष स्थान हासिल किया।
शाम को होने वाले फाइनल में भारतीय टीम पांचवीं लेन से शुरुआत करेगी।
हीट में भारत ने चीन (तीन मिनट 6.79 सेकेंड) और मेजबान कोरिया (तीन मिनट 10.05 सेकेंड) को पछाड़कर फाइनल के लिए सीधे क्वालीफाई किया।
फाइनल में भारत को श्रीलंका, चीन और कजाखस्तान जैसी मजबूत टीमों से चुनौती मिलेगी।
श्रीलंका ने सत्र का सबसे तेज तीन मिनट 1.56 सेकेंड का समय निकाला।
महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ के फाइनल में भारत की संजीवनी जाधव ने 33 मिनट 8.17 सेकेंड का अपना सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान हासिल किया जबकि सीमा 33 मिनट 08.23 सेकेंड के समय से छठे स्थान पर रहीं।
इस स्पर्धा में कजाखस्तान की डेजी जेपकेमी (30 मिनट 48.44 सेकेंड) ने दबदबा बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता। जापान की रिरिरक हिरोनिका (30 मिनट 56.32 सेकेंड) और मिकुनी याडा (31 मिनट 12.21 सेकेंड) क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।
भारत ने अब तक इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में दो स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक सहित कुल आठ पदक जीते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 29, 2025 11:26 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

