खेल की खबरें | धीमी पिच पर भारतीय महिला टीम ने बनाये चार विकेट पर 109 रन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय महिला टीम को गुरूवार को यहां महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय त्रिकोणीय श्रृंखला के फाइनल में धीमी पिच पर बल्लेबाजी करने में काफी मुश्किल हुई जिससे वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चार विकेट गंवाकर महज 109 रन ही बना सकी।

ईस्ट लंदन, दो फरवरी भारतीय महिला टीम को गुरूवार को यहां महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय त्रिकोणीय श्रृंखला के फाइनल में धीमी पिच पर बल्लेबाजी करने में काफी मुश्किल हुई जिससे वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चार विकेट गंवाकर महज 109 रन ही बना सकी।

हरलीन देओल काफी धीमा खेलीं जिन्होंने 56 गेंद में 46 रन बनाये। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरूआत अच्छी नहीं रही। उसने सबसे पहले स्टाइलिश बल्लेबाज स्मृति मंधाना का विकेट गंवाया जो खाता भी नहीं खोल सकीं।

कप्तान हरमनप्रीत कौर (21 रन) कुछ देर बल्लेबाजी करने के बाद लय में आती दिख रही थीं लेकिन वह भी ‘डग-आउट’ में पहुंच गयीं।

हरलीन ने काफी ‘डॉट’ गेंद खेलीं जिससे दीप्ति शर्मा (14 गेंद में नाबाद 16 रन) दबाव बढ़ गया था और वह भी ज्यादा शॉट नहीं लगा सकीं।

इससे कहीं ज्यादा भारत ने तेज गेंदबाजों पर हावी होने के लिये कोई कोशिश नहीं दिखायी और हरलीन बस क्रीज पर डटे रहने के लिये खेलती रहीं और उन्होंने अंतिम ओवर में अपना विकेट गंवाया।

दक्षिण अफ्रीका के लिये बायें हाथ की स्पिनर नानकुलुलेको मलाबा ने चार ओवर में 16 रन देकर दो विकेट चटकाये और पावरप्ले में शानदार प्रदर्शन किया। मंधाना सात गेंद खेलने के बाद भी अपना खाता नहीं खोल सकीं और मलाबा की गेंद पर बोल्ड हुईं।

एक अन्य सलामी बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स (18 गेंद में 11 रन) और हरलीन को मलाबा और अनुभवी तेज गेंदबाज शबनीम इस्माइल (तीन ओवर में नौ रन देकर कोई विकेट नहीं) को खेलने में काफी दिक्कत हुई।

दक्षिण अफ्रीका की इन दोनों गेंदबाजों ने मिलकर 25 डॉट गेंद डाली जिससे भारत पावरप्ले के छह ओवरों में केवल 19 रन ही जोड़ सका।

मलाबा के अलावा अयाबोंगा खाका और सुने लुस ने एक एक विकेट लिया।

भारतीय टीम ने कुल 57 ‘डॉट’ खेलीं जो 9.3 ओवर हैं जिसमें से ज्यादातर हरलीन ने खेलीं। टीम ने पारी के दौरान सिर्फ नौ चौके लगाये।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\