एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | भारतीय अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया को सात रन से हराकर श्रृंखला में क्लीन स्वीप किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय अंडर-19 खिलाड़ियों ने अंतिम ओवर में संयम बरतते हुए बृहस्पतिवार को यहां बड़े स्कोर वाले तीसरे अंडर-19 वनडे में ऑस्ट्रेलिया पर सात रन की जीत से श्रृंखला में 3-0 से स्वीप किया।

खेल की खबरें | भारतीय अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया को सात रन से हराकर श्रृंखला में क्लीन स्वीप किया

पुडुचेरी, 26 सितंबर भारतीय अंडर-19 खिलाड़ियों ने अंतिम ओवर में संयम बरतते हुए बृहस्पतिवार को यहां बड़े स्कोर वाले तीसरे अंडर-19 वनडे में ऑस्ट्रेलिया पर सात रन की जीत से श्रृंखला में 3-0 से स्वीप किया।

भारत की युवा टीम ने पहले वनडे में सात विकेट और दूसरे वनडे में नौ विकेट से जीत दर्ज की थी।

भारत ने सलामी बल्लेबाज रूद्र पटेल (81 गेंद में 77 रन) और कप्तान मोहम्मद अमान (72 गेंद में 71 रन) के अर्धशतकों की बदौलत आठ विकेट पर 324 रन का स्कोर खड़ा किया।

टीम के लिए निचले क्रम में हार्दिक राज ने 30 रन और चेतन शर्मा ने नाबाद 18 रन का योगदान दिया।

इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम भी 41वें ओवर में दो विकेट पर 241 रन बनाकर अच्छी स्थिति में थी जिसमें उसके लिए कप्तान ओलिवर पीके (111 रन) और स्टीवन होगान (104 रन) ने शतक जड़े। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 180 रन की भागीदारी निभायी लेकिन टीम निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट पर 317 रन का स्कोर ही खड़ा कर सकी।

बायें हाथ के स्पिनर हार्दिक (55 रन देकर तीन विकेट) अैर ऑफ स्पिनर किरण चोरमाले (59 रन देकर दो विकेट) ने अंतिम ओवरों में शानदार गेंदबाजी की और ऑस्ट्रेलिया के क्रीज पर जमे हुए दो बल्लेबाजों के अलावा विकेटकीपर एलेक्स ली यंग को जल्दी जल्दी आउट कर दिया।

इससे ऑस्ट्रेलियाई अंडर-19 टीम का स्कोर दो विकेट पर 241 रन से पांच विकेट पर 267 रन हो गया। फिर भारतीय टीम ने रन गति पर लगाम लगाई और दबदबा बना लिया।

ऐडन ओकोनोर (20 गेंद में 35 रन) ने भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना किया लेकिन बंगाल के तेज गेंदबाज युद्धाजीत गुहा (40 रन देकर दो विकेट) ने अंतिम ओवर में काफी अच्छी गेंदबाजी की और ऑस्ट्रेलिया को लक्ष्य तक नहीं पहुंचने दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 26, 2024 06:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).