जरुरी जानकारी | कोविड-19 महामारी का प्रकोप बढ़ने के डर से भारतीय शेयर बाजारों में तेज गिरावट

मुंबई, 15 जून देश दुनिया में कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ने और संक्रमण की दूसरी लहर चलने की चिंता में देश के शेयर बाजारों में सोमवार को गिरावट का रुख रहा। बंबई शेयर बाजार का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स सोमवार को 552 अंक गिरकर बंद हुआ वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 159 अंक गिर गया।

दिन के कारोबार के दौरान 857 अंकों से अधिक की गिरावट के बाद 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक कारोबार की समाप्ति पर 552.09 अंक यानी 1.63 प्रतिशत टूटकर 33,228.80 अंक पर बंद हुआ।

यह भी पढ़े | RSMSSB Recruitment 2020: लैब टेक्निशियन और असिस्टेंट रेडियोग्राफर के 2,177 पदों पर भर्ती, 18 जून से करें अप्लाई.

इसी तरह एनएसई का निफ्टी 159.20 अंक या 1.60 प्रतिशत की गिरावट के साथ 9,813.70 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में सबसे अधिक सात प्रतिशत की गिरावट इंडसइंड बैंक के शेयर में दर्ज की गई, इसके अलावा एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, एनटीपीसी, टाटा स्टील, आईटीसी और एचडीएफसी बैंक में भी बिकवाली देखने को मिली।

यह भी पढ़े | FACT CHECK: Sir Ganga Ram Hospital के नाम से वायरल हो रहे पर्चे में कोरोना से निपटने के लिए इन दवाओं के इस्तेमाल की दी गई सलाह, अस्पताल ने बताया फर्जी.

रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचसीएल टेक, सन फार्मा और ओएनजीसी के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।

इस दौरान बीएसई बैंकेक्स, रियल्टी, फाइनैंस, कैपिटल गुड्स और बिजली क्षेत्र के सूचकांक 3.53 प्रतिशत तक की गिरावट के साथ बंद हुए। दूसरी ओर ऊर्जा और हेल्थकेयर सूचकांक में 0.90 प्रतिशत तक की तेजी देखने को मिली।

मिड कैप सूचकांक में 1.15 प्रतिशत की गिरावट हुई, जबकि स्मॉल कैप सूचकांक सपाट बंद हुआ।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के खुदरा शोध प्रमुख दीपक जसानी ने कहा, ‘‘कमजोर वैश्विक संकेतों के चलते प्रमुख भारतीय सूचकांकों में 15 जून को गिरावट हुई। बाजार में तेज गिरावट हुई, हालांकि यूरोपीय सूचकांकों और डाउ वायदा के अनुरूप ही उनमें कुछ सुधार हुआ।’’

उन्होंने कहा कि चीन और अन्य देशों में कोरोना वायरस मामलों के फिर बढ़ने से वैश्विक आर्थिक सुधार की संभावनाओं को झटका लगा है, जिससे दुनिया भर में शेयर बाजारों में गिरावट हुई।

शंघाई, हांग कांग, टोक्यो और सिओल के बाजारों में भी 4.76 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। यूरोप के शेयर बाजारों में भी एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट देखी गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट कच्चे तेल का वायदा भाव 0.93 प्रतिशत गिरकर 38.37 डालर प्रति बैरल पर बोला गया।

विदेशी विनिमय बाजार में भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 19 पैसे टूटकर 76.03 पर बंद हुआ।

दुनिया भर में कोरोना वायरस संक्रमण से जुड़े मामलों की संख्या 79 लाख से अधिक हो गई है और अब तक इससे 4.33 लाख लोगों की मौत हुई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 3.32 लाख हो गई है जबकि 9,520 लोगों की इससे मौत हुई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)