खेल की खबरें | भारतीय स्पिनरों ने इंग्लैंड को आठ विकेट पर 215 रन पर रोका
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय स्पिन तिकड़ी ने इंग्लैंड की ‘बैजबॉल’ रणनीति को बेअसर साबित करते हुए पहले क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन बृहस्पतिवार को चाय तक उसके आठ विकेट 215 रन पर निकाल दिये ।
हैदराबाद, 25 जनवरी भारतीय स्पिन तिकड़ी ने इंग्लैंड की ‘बैजबॉल’ रणनीति को बेअसर साबित करते हुए पहले क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन बृहस्पतिवार को चाय तक उसके आठ विकेट 215 रन पर निकाल दिये ।
कप्तान बेन स्टोक्स 43 और मार्क वुड सात रन बनाकर खेल रहे थे ।
सुबह स्टोक्स ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन उनके बल्लेबाज भारतीय स्पिन तिकड़ी का सामना नहीं कर सके। मददगार पिच पर रविचंद्रन अश्विन ने 55 रन देकर दो , रविंद्र जडेजा ने 75 रन देकर तीन और अक्षर पटेल ने 33 रन देकर दो विकेट चटकाये ।
इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाजों बेन डकेट और जैक क्रॉली ने पहले आठ ओवरों में 41 रन बना लिये थे । अश्विन ने नौवें ओवर में डकेट को पगबाधा आउट करके भारत को पहली सफलता दिलाई । डकेट ने 39 गेंद में सात चौकों की मदद से 35 रन बनाये ।
इसके साथ ही पहले विकेट की 55 रन की साझेदारी भी टूट गई । यह अश्विन की 11वीं गेंद थी । इसके बाद जडेजा ने ओली पोप को 14वें ओवर में पहली स्लिप में कप्तान रोहित शर्मा के हाथों लपकवाया ।
अश्विन ने अगले ओवर में क्रॉली को अपना 492वां टेस्ट शिकार बनाया । उनकी फुललैंग्थ गेंद पर क्रॉली ने मोहम्मद सिराज को कैच थमाया ।
तीन विकेट 60 रन पर गिरने के बाद रूट और बेयरस्टो ने पारी को संभाला । उनके बीच 61 रन की साझेदारी को तोड़ते हुए अक्षर ने बेयरस्टो को पवेलियन भेजा । स्पिन को बखूबी खेलने वाले रूट भी बेहद खराब ढंग से अपना विकेट गंवा बैठे । पूर्व कप्तान ने जड़ेजा की फुल लैंग्थ गेंद पर खराब शॉट खेलकर शॉर्ट फाइन लेग में जसप्रीत बुमराह को कैच थमाया ।
बेन फोक्स 24 गेंद में चार रन बनाकर अक्षर का दूसरा शिकार बने जिनका कैच विकेट के पीछे केएस भरत ने लपका ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 25, 2024 03:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

